मथुरा में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी, वृंदावन में आज आएंगे बाल-गोपाल

मथुरा में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी, वृंदावन में आज आएंगे बाल-गोपाल

मथुरा:

मथुरा में शनिवार को धूमधाम से जन्माष्टमी मनायी गई और इस मौके पर मुख्य मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष पूजा अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही।

ठाकुरजी के जन्म महाभिषेक का मुख्य कार्यक्रम भागवत भवन में रात 11 बजे श्रीगणेश एवं नवग्रह पूजन से शुरू हुआ तथा 11.55 बजे पुष्प सहस्त्रार्चन शुरू हुआ जो ठीक 12 बजे भगवान के प्राकट्य के साथ समाप्त हुआ।

इस बीच ढोल-नगाड़े, झांझ-मजीरे, मृदंग की थाप के साथ भक्त नाच उठे। दस मिनट तक जन्म की आरती के पश्चात 12:15 से 12:30 बजे तक जन्माभिषेक संपन्न हुआ।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास एवं ट्रस्टी अनुराग डालमिया ने अन्य पुजारियों के साथ दूध, दही, शहद, घी व शक्कर से एक-एक कर एवं बाद में पूर्ण पंचामृत से महाभिषेक संपन्न कराया। इस मौके पर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था।

महाभिषेक के दौरान लगातार पुष्पवर्षा होती रही। चांदी की चौकी पर विराजमान ठाकुरजी का श्रीविग्रह का स्वरूप अद्वितीय आभा के साथ दमक रहा था। इस दौरान श्रद्धालुओं का दर्शनों के लिए तांता लगा रहा।

बड़ी संख्या में भक्तों के आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शहर में साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वृन्दावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर सहित अनेक अन्य मंदिरों एवं नन्दगांव के नन्दबाबा मंदिर में जन्माष्टमी रविवार को मनाई जाएगी।