विज्ञापन
This Article is From Mar 09, 2019

विदेश मंत्रालय ने कहा- अभिनंदन ने ही मार गिराया था पाकिस्तानी विमान, जैश के आतंकी शिविरों में सफल रही कार्रवाई

भारत ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के शिविर पर की गई उसकी कार्रवाई सफल रही और साथ ही देश ने यह भी दिखा दिया कि वह सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने को प्रतिबद्ध है.

विदेश मंत्रालय ने कहा- अभिनंदन ने ही मार गिराया था पाकिस्तानी विमान, जैश के आतंकी शिविरों में सफल रही कार्रवाई
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार की फाइल फोटो.
  • भारत ने कहा, जैश-ए-मोहम्मद के शिविर पर की गई कार्रवाई सफल रही
  • एफ-16 को विंग कमांडर अभिनंदन ने ही मार गिराया था
  • इसके चश्मदीद गवाह और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मौजूद हैं
नई दिल्ली:

भारत ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के शिविर पर की गई उसकी कार्रवाई सफल रही और साथ ही देश ने यह भी दिखा दिया कि वह सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने को प्रतिबद्ध है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारतीय वायुसेना के विमान मिग 21 बाइसन के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान ने पाकिस्तानी वायुसेना के एक एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया तथा इसके चश्मदीद गवाह और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मौजूद हैं. उन्होंने कहा, ‘‘ हमने एम्राम मिसाइल के टुकड़ों के रूप में सबूत भी साझा किए हैं, जो मौके से बरामद किए गए थे और जिसे (एम्राम मिसाइल) पाकिस्तानी वायुसेना का केवल एफ-16 विमान ही ले जाने में सक्षम है. '' कुमार ने कहा, ‘‘ हमारी गैर सैन्य (किसी सैनिक ठिकाने और नागरिक क्षेत्र को निशाना न बनाने) आतंकवाद-रोधी कार्रवाई वांछित उद्देश्य प्राप्त करने में सफल रही. इससे पता चलता है कि हम सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने को प्रतिबद्ध हैं. ''

कुमार ने कहा कि हमारे सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की पाकिस्तान की असफल कोशिश के दौरान हमने केवल एक विमान खोया. उन्होंने कहा, ‘‘अगर पाकिस्तान के पास भारत का दूसरा विमान गिराने के सबूत हैं, जैसा कि वह दावा करता है तो उसने वे साझा क्यों नहीं किए.'' कुमार ने कहा कि पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद से अंतरराष्ट्रीय समुदाय भारत के साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अब भी पुलवामा हमले को जैश-ए-मोहम्मद द्वारा अंजाम दिए जाने की बात को नकार रहा है जबकि स्वयं इस आतंकवादी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी ली है.

इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे. कुमार ने कहा कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह बिना किसी बाधा के अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अपनी जमीन से संचालित हो रहे आतंकी समूहों के खिलाफ ठोस, प्रामाणिक और लगातार कार्रवाई करनी चाहिए. वहीं, भगोड़े हीरा व्यापारी नीरव मोदी के मुद्दे पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ब्रिटेन अब भी नीरव मोदी के प्रत्यर्पण के भारत के अनुरोध पर विचार कर रहा है. उन्होंने कहा कि भारत उसका प्रत्यर्पण कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है.  

वीडियो- कितनी सफल रही एयर स्ट्राइक? 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IAF Air Stikes, India, IAF Air Strike Balakot Pakistan, Spokes Person Raveesh Kumar, Jaish Camp In Pakistan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com