Farmer's Protest Updates: केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन को किसान संगठन और तेज करने की तैयारी कर रहे हैं. लाल किले पर हुई घटना को देखते हुए पुलिस ने दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन स्थलों को किले में तब्दील कर दिया. जवानों की तैनाती बढ़ाने के साथ-साथ बेरिकेड की संख्या भी बढ़ा दी गई है. प्रदर्शन स्थलों और उसके आसपास के इलाकों में इंटरनेट बैन कर दिया गया है. लोगों को पैदल चलने से रोकने के लिए कंटीले तार लगाए गए हैं. गाड़ियों की हवा निकालने के लिए टिकरी बॉर्डर पर नुकीकी कीलें लगाई गई हैं. बैरिकेडिंग और नुकीली कीलों पर भारतीय किसान यूनियन (दोआब) के अध्यक्ष मनजीत सिंह राय ने कहा, "हम क्या दूसरे देश से आए हैं? क्या हम चीन से हैं, क्या हम पाकिस्तान से हैं, जो हमें दिल्ली से अलग किया जा रहा है. यहां बिजली काटी जा रही है. पानी की समस्या हो रही है. सरकार ग़लत काम कर रही है.
किसान यूनियनों ने 6 फरवरी को ‘चक्का जाम' करने की घोषणा की है. आंदोलन स्थलों के निकट क्षेत्रों में इंटरनेट प्रतिबंध, अधिकारियों द्वारा कथित उत्पीड़न और अन्य मुद्दों के खिलाफ तीन घंटे तक राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों को अवरुद्ध कर अन्नदाता अपना विरोध दर्ज करायेंगे.