विज्ञापन
This Article is From Nov 06, 2020

दिल्ली में आठ करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 17 गिरफ्तार

Delhi Police के मुताबिक, कॉल सेंटर के लोग विदेशी नागरिकों को कंप्यूटर पर Pop-ups भेज कर कंप्यूटर में वायरस आने का झांसा देते थे. फिर कंप्यूटर का एक्सेस कर मोटी रकम ऐंठ लेते थे

दिल्ली में आठ करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 17 गिरफ्तार
फर्जी कॉल सेंटर के जरिये एक माह में 2200 से ज्यादा लोगों को शिकार बनाया गया (प्रतीकात्मक फोटो)
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने विदेशियों को निशाना बनाने वाले फर्जी कॉल सेंटर (Fake Call Center) का भंडाफोड़ किया है. गिरोह के 17 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने इस फ़र्ज़ी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ये लोग माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर विदेशियों को अपनी जालसाज़ी का शिकार बनाया करते थे. पुलिस के मुताबिक दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में चल रहा ये कॉल सेंटर हज़ारों विदेशी नागरिकों को अपनी जालसाज़ी का शिकार बना चुका है. 

पुलिस के मुताबिक, इस कॉल सेंटर के लोग विदेशी नागरिकों को कंप्यूटर पर Pop-ups भेजा करते थे और उन्हें ये बताते थे कि आपके कंप्यूटर में वायरस आ गया है जिससे आपका कंप्यूटर हैक हो सकता है और फिर माइक्रोसॉफ्ट टेक्निकल सपोर्ट का झांसा देकर धोखाधड़ी कर दिया करते थे. दरअसल दिल्ली पुलिस की साइबर सेल को एक शिकायत मिली थी. इसमें कहा गया था कि दिल्ली के राजौरी गार्डन में एक ऐसा कॉल सेंटर चल रहा है जो माइक्रोसॉफ्ट टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर विदेशी नागरिकों को अपनी जालसाज़ी का शिकार बना रहा है. शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और टेक्नोलॉजी की मदद से नंबरों की तलाश करते हुए लेनदेन के स्रोत का पता लगाया और उस जगह पहुंच गई जहां से ये फर्ज़ी कॉल सेंटर चलाया जा रहा था.

तीन साल से चला रहा था कॉल सेंटर
पुलिस ने राजौरी गार्डन में बने कॉल सेंटर में छापा डाला. पुलिस के मुताबिक छापेमारी के वक्त भी ये जालसाज़ एक अमेरिकी डॉक्टर को अपने जाल में फंसा रहे थे. पुलिस ने अमेरिकी नागरिक को इनकी जालसाज़ी के बताया और उसे शिकार होने से बचाया. पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस कॉल सेंटर का सरगना साहिल करीब 3 साल से कॉल सेंटर चला रहा था.

पॉप अप भेजकर देते थे झांसा
जांच के दौरान पता चला कि ये विदेशी नागरिकों को POP-UPS भेजते थे. इसमें ये संदेश दिया गया होता था कि उनके कंप्यूटर में वायरस घुस चुका है..मैसेज में सहायता के लिए नंबर भी हुआ करते थे..जब इनके मैसेज के झांसे में आया शख्स  दिए गए नंबर पर कॉल करता तो कॉल सेंटर के लोग माइक्रोसॉफ्ट के टेक्निकल सहायक बनकर उनके कंप्यूटर का रिमोट एक्सेस ले लिया करते थे. फिर ये कहकर डराते थे कि कंप्यूटर में आए वायरस की वजह से कंप्यूटर की जानकारी लीक हो सकती जिसको दूर करने के लिए  पैसे देने होंगे.

विदेशी कंपनियों के जरिये आता था पैसा
पैसे का भुगतान अमेरिका और कनाडा की फर्जी कंपनी में होता था, जहां से होते हुए पैसा आरोपी के अकाउंट में आ जाता था. पुलिस के मुताबिक अभी तक कि जांच में पता चला है कि इस गैंग ने 11 अक्टूबर 2019 से 5 नवम्बर 2020 के बीच यूएस और कनाडा के 2268 लोगों के साथ 8 करोड़ से ज्यादा की ठगी की है. फिलहाल पुलिस ने इनके पास से 20 कंप्यूटर बरामद किए है.

लेखक के बारे में
img
मुकेश सिंह सेंगर
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Fake Call Center Busted, Microsoft Support
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com