विज्ञापन
This Article is From Dec 19, 2019

उत्तर भारत में शीतलहर : चंडीगढ़ का तापमान शिमला से नीचे, दिल्ली में पारा और गिरा

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी दिल्ली और चंडीगढ़ में मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया

उत्तर भारत में शीतलहर : चंडीगढ़ का तापमान शिमला से नीचे, दिल्ली में पारा और गिरा
प्रतीकात्मक फोटो.
  • चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज
  • दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
  • राजस्थान के माउंट आबू में रात का तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस
नई दिल्ली:

उत्तर भारत में शीत लहर के चलते बुधवार को ठंड और अधिक बढ़ गई. दिल्ली और अन्य प्रमुख शहरों में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया. वहीं, राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा. राष्ट्रीय राजधानी में मौसम का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया, यहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने कहा कि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है. आर्द्रता का स्तर 97 से 61 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया. ठंड के कारण गुरुवार और शुक्रवार को पड़ोसी गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार सुबह शहर में कई जगहों पर कोहरा छाये रहने के साथ ही ठंड बहुत अधिक रहेगी. अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शिमला से कम था. यह केंद्र शासित प्रदेश का इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन था. पंजाब और हरियाणा में, नारनौल और फरीदकोट क्रमशः 2.5 डिग्री सेल्सियस और 3.6 डिग्री सेल्सियस पर सबसे ठंडे रहे. जबकि राजस्थान के माउंट आबू में रात का तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जम्मू में, रात का तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस सीजन अब तक का सबसे कम तापमान है.

दिल्ली में अधिकतम तापमान गिरकर 22 साल पुराने रिकार्ड के करीब पहुंचा, उत्तर भारत में अब ऐसा रहेगा मौसम

जम्मू कश्मीर और लद्दाख में पिछले एक सप्ताह से पारा काफी नीचे है और पिछले कुछ दिनों से ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है. इसके अलावा मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, सिक्किम समेत देश के कई अन्य हिस्सों में कड़ाके की सर्दी जारी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Update, Temperature Dropped, Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com