विज्ञापन

देवउठनी एकादशी व्रत कथा

एकादशी की पूजा उसकी कथा के बिना पूरी नहीं मानी जाती है. माना जाता है कि कथा सुनने या पढ़ने के बाद ही एकादशी व्रत का पूर्ण फल मिलता है. ऐसे में अगर आपने भी आज एकादशी का व्रत रखा है, तो शाम के समय पूजा के दौरान आप यहां से देवउठनी एकादशी की कथा पढ़कर अपनी पूजा संपन्न कर सकते हैं.

देवउठनी एकादशी व्रत कथा
एकादशी की कथा
(Photo Credit: NDTV)

हिंदू धर्म में एकादशी तिथि का विशेष महत्व माना जाता है. इनमें भी देवउठनी एकादशी को साल की सबसे बड़ी एकादशी तिथि में से एक माना जाता है. आज यानी 20 नवंबर, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का व्रत रखा जा रहा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं. इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और शादी-विवाह सहित सभी मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है. मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से भगवान विष्णु की पूजा करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और श्री हरि की विशेष कृपा मिलती है. हालांकि, एकादशी की पूजा उसकी कथा के बिना पूरी नहीं मानी जाती है. माना जाता है कि कथा सुनने या पढ़ने के बाद ही एकादशी व्रत का पूर्ण फल मिलता है. ऐसे में अगर आपने भी आज एकादशी का व्रत रखा है, तो शाम के समय पूजा के दौरान आप यहां से देवउठनी एकादशी की कथा पढ़कर अपनी पूजा संपन्न कर सकते हैं. 

यहां पढ़ें देवउठनी एकादशी व्रत की कथा 

पौराणिक कथा के अनुसार, बहुत समय पहले एक ऐसा राज्य हुआ करता था, जहां सभी लोग भगवान के भक्त थे. राजा से लेकर आम जनता तक हर कोई धर्म का पालन करता था. खासकर राज्य के लोग महीने में दो बार एकादशी का व्रत जरूर रखते थे. इस दिन किसी को भी अनाज खाने की अनुमति नहीं थी. यहां तक कि पशु-पक्षियों को भी अनाज नहीं दिया जाता था.

एक दिन दूसरे नगर से एक व्यक्ति काम की तलाश में उस राज्य में पहुंचा. उसने राजा से नौकरी मांगी. राजा ने काम देने के बदले व्यक्ति के सामने भी ये शर्त रख दी कि राज्य में हर एकादशी को अनाज नहीं खाया जाता है. अगर तुम इस नियम को मान सकते हो, तभी तुम्हें नौकरी मिलेगी. व्यक्ति को नौकरी की जरूरत थी इसलिए उसने बिना कोई सवाल किए उस वक्त राजा की बात मान ली.

कुछ समय बाद एकादशी आई. व्यक्ति को खाने के लिए फल दिए गए, लेकिन उससे उसकी भूख शांत नहीं हुई. जब काफी देर भूखा रहने के बाद व्यक्ति और अधिक सहन नहीं कर पाया, तब वह राजा के दरबार पहुंचा और अनाज मांगने लगा. व्यक्ति कि ऐसी हालत देख राजा को भी उसपर दया आ गई. राजा ने व्यक्ति को आटा, दाल और चावल दे दिए और किसी सुनसान जगह पर अकेले भोजन करने के लिए भेज दिया.

राजा के आदेश के बाद व्यक्ति एक नदी किनारे जा पहुंचा. वहां पहले उसने स्नान किया इसके बाद खुद अपना भोजन बनाया. भोजन तैयार होने के बाद उसने भगवान विष्णु को याद किया और कहा, हे प्रभु! पहले आप भोजन ग्रहण कीजिए, उसके बाद मैं खाऊंगा. इतनी भूख में भी व्यक्ति की ऐसी श्रद्धा देख भगवान प्रसन्न हुए और व्यक्ति के सामने प्रक्ट हो गए. इसके बाद भक्त और भगवान दोनों ने साथ में भोजन किया. 

धीरे-धीरे समय बीता और अगली एकादशी आ गई. इस बार फिर व्यक्ति राजा के पास पहुंचा. लेकिन अब उसे दो गुना अनाज चाहिए था. व्यक्ति ने राजा से कहा, 'राजा जी पहले जो अनाज आपने मुझे दिया था, उसे तो भगवान ने ही खा लिया, इसलिए इस बार मुझे थोड़ा ज्यादा अनाज दीजिएगा.' यह सुनकर राजा हैरान रह गया. उसने सोचा कि वह खुद इतने वर्षों से भगवान की पूजा कर रहा है, लेकिन उसे कभी भगवान के दर्शन नहीं हुए. वहीं इस व्यक्ति को भगवान ने दर्शन दे दिए.

सच्चाई जानने के लिए राजा अगली एकादशी पर उसके पीछे-पीछे नदी किनारे पहुंच गया. व्यक्ति ने पहले की तरह भोजन बनाया और भगवान विष्णु को बुलाया, लेकिन इस बार भगवान प्रकट नहीं हुए. काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब भगवान नहीं आए तो व्यक्ति दुखी हो गया. उसने कहा कि अगर प्रभु नहीं आए तो वह अपने प्राण त्याग देगा. जैसे ही वह नदी में कूदने लगा, भगवान विष्णु प्रकट हो गए. उन्होंने उसे रोकते हुए कहा कि तुम्हारी सच्ची भक्ति और विश्वास ने मुझे यहां आने के लिए मजबूर कर दिया. इसके बाद भगवान ने उसके साथ भोजन किया और उसे अपने साथ बैकुंठ धाम ले गए.

ये सब देखकर राजा को सच्ची भक्ति का महत्व समझ आया. राजा ने जाना कि भगवान को दिखावे या बाहरी नियमों से नहीं, बल्कि सच्चे मन और प्रेम से प्रसन्न किया जा सकता है. व्रत रखने का असली महत्व केवल भूखे रहने में नहीं, बल्कि मन को साफ रखने में है. 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

यह भी पढ़ें- देवउठनी एकादशी पर जरूर करें भगवान विष्णु के 5 शक्तिशाली मंत्रों का जाप, दूर होंगी परेशानियां

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ekadashi, Faith News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com