विज्ञापन

दिवाली पर मां लक्ष्मी को घर बुलाने के लिए करें ये खास उपाय, डॉक्टर जय मदान ने बताए शांति, शक्ति और समृद्धि के 3 खास मंत्र

मशहूर ज्योतिषाचार्य, लाइफ कोच और मोटिवेशनल स्पीकर डॉक्टर जय मदान ने दिवाली से जुड़े कुछ खास उपाय बताए हैं, आइए जानते हैं इनके बारे में-

दिवाली पर मां लक्ष्मी को घर बुलाने के लिए करें ये खास उपाय, डॉक्टर जय मदान ने बताए शांति, शक्ति और समृद्धि के 3 खास मंत्र
दिवाली पर घर में कैसे लाएं सुख-समृद्धि?
(Photo Credit: NDTV)

दिवाली का त्योहार आते ही घरों में साफ-सफाई, सजावट और लक्ष्मी पूजा की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. हर कोई चाहता है कि मां लक्ष्मी की कृपा उसके घर पर बनी रहे और परिवार में सुख-शांति आए. लेकिन इसके लिए सिर्फ पूजा-पाठ ही नहीं, बल्कि अपनी सोच और रोजमर्रा की आदतों पर ध्यान देना भी जरूरी है. मशहूर ज्योतिषाचार्य, लाइफ कोच और मोटिवेशनल स्पीकर डॉक्टर जय मदान ने अपनी नई किताब 'द इनर किंगडम' में इसी बारे में बताया है. अपनी किताब में उन्होंने दिवाली से जुड़े कई खास उपाय भी शेयर किए हैं, आइए जानते हैं इनके बारे में-

11 भाषाओं में होती है पूजा-पाठ की परंपरा

डॉक्टर जय मदान बताती हैं कि उनके घर में दिवाली का उत्सव बेहद खास तरीके से मनाया जाता है. उनके घर में अलग-अलग दिशाओं के हिसाब से 11 भाषाओं में 11 देवी-देवताओं से जुड़े मंत्रों का पाठ होता है. पश्चिम दिशा में गुजराती में कृष्ण मंत्र और मराठी में गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ किया जाता है. सिंधी में विष्णु सहस्रनाम का पाठ साल में एक बार होता है. इसके अलावा पंजाबी, उड़िया, बंगाली, मैथिली, असमिया, तेलुगु, मलयालम और तमिल भाषाओं में भी पूजा-पाठ की जाती है.

सुखी जीवन के 3 राज

अपनी किताब में उन्होंने हजारों लोगों से बातचीत कर और अपने खुद के अनुभवों के आधार पर जीवन के तीन जरूरी पहलुओं के बारे में बताया है. डॉक्टर जय मदान बताती हैं, 'हर इंसान की जिंदगी तीन चीजों के आसपास घूमती है- पहली है शांति, दूसरी शक्ति और तीसरी समृद्धि. जब इंसान इन तीनों के बीच संतुलन बना लेता है, तो जिंदगी आसान और बेहतर होने लगती है. शांति से समझदारी आती है, मन में शांति होगी तो सही फैसले लेने में मदद मिलेगी. जीवन में समृद्धि होगी तो आर्थिक परेशानियां कम होंगी और शक्ति हमें अपनी उपलब्धियों को संभालने में मदद करेगी. इसलिए मन और बाहरी जिंदगी के बीच तालमेल बनाना बहुत जरूरी है.'

हर घंटे खुद को दें 10 में से नंबर

ज्योतिषाचार्य कहती हैं, अगर आप जानना चाहते हैं कि आपका मन और आपकी बाहरी जिंदगी एक-दूसरे के साथ तालमेल में हैं या नहीं, तो इसके लिए एक आसान काम करें. अपने फोन में हर एक घंटे का अलार्म लगाएं. अलार्म बजने पर खुद से पूछें कि इस समय आप कैसा महसूस कर रहे हैं. अपने मूड को 10 में से नंबर दें. अगर आपका स्कोर 5 से कम है, तो रुककर सोचें कि कौन-सी बात आपको परेशान कर रही है. ऐसा करने से धीरे-धीरे आप अपनी नकारात्मक सोच और परेशानी की वजह पहचान पाएंगे और उन्हें ठीक कर पाएंगें.

दिवाली पर मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के उपाय

डॉक्टर मदान ने दिवाली के लिए कुछ खास उपाय भी बताए हैं. ज्योतिषाचार्य बताती हैं- 

  • लाल रंग को समृद्धि का प्रतीक माना जाता है, इसलिए दिवाली पर लाल रंग के कपड़े या गहने जरूर पहनें. 
  • मां लक्ष्मी को प्रसाद में मखाना चढ़ाएं. 
  • इसके अलावा घर की दक्षिण-पूर्व दिशा में दीया जलाएं और वहां एक सिक्का भी रख दें.
मां लक्ष्मी को घर बुलाने के लिए करें ये खास उपाय

ज्योतिषाचार्य कहती हैं, स्थिर लग्न में मां लक्ष्मी की पूजा करना बहुत शुभ माना जाता है. मान्यता है कि स्थिर लग्न में पूजन करने से मां लक्ष्मी घर में स्थायी रूप से वास करती हैं और धन-धान्य की स्थिरता बनी रहती है. दिन में चार बार स्थिर लग्न आता है. ऐसे में इस समय मां लक्ष्मी का पूजन जरूर करें. इससे मां लक्ष्मी का आपके घर में वास होगा. 

ज्योतिषाचार्य कहती हैं, दिवाली पर सिर्फ घर को सजाना और रोशन करना काफी नहीं है. बल्कि अपने मन को शांत रखना, अच्छी आदतें अपनाना और जीवन में शांति, शक्ति और समृद्धि का संतुलन बनाना भी उतना ही जरूरी है.

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

यह भी पढ़ें- Rama Ekadashi 2026: आज रखा जाएगा रमा एकादशी का व्रत, जानिए शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और व्रत पारण का समय

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Faith News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com