Ganga Dussehra Par Kya Daan Karna Chahiye: सनातन परंपरा में जिस गंगा के जल को अमृत माना गया है, जिसका पान और स्नान करने के लिए न सिर्फ आम आदमी बल्कि देवी-देवता और गंधर्व तक लालायित रहते हैं, उसी मोक्षदायिनी मां गंगा से जुड़ा है गंगा दशहरा पर्व. हिंदू मान्यता के अनुसार गंगा दशहरा वाले दिन गंगा तट पर जाकर न सिर्फ स्नान बल्कि दान का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है. गंगा दशहरा पर आखिर किन चीजों का दान करने पर जीवन का दुख और दुर्भाग्य दूर और सुख-सौभाग्य की प्राप्ति होती है, आइए उसे विस्तार से जानते हैं.
1. जल का दान

हिंदू धर्म में जल के दान का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है. ऐसे में ज्येष्ठ मास की दशमी तिथि पर किसी जरूरमंद व्यक्ति को घड़े में बढ़कर या फिर बोतल आदि में भरकर शीतल जल प्रदान करें. यदि आप चाहें तो गंगा दशहरा वाले दिन किसी प्यासे व्यक्ति या फिर राहगीरों को शर्बत पिला कर पुण्य की प्राप्ति कर सकते हैं. अन्न का दान
2. अन्न का दान
हिंदू मान्यता के अनुसार गंगा दशहरा के दिन जल की तरह अन्न दान का भी काफी महत्व माना गया है. ऐसे में इस दिन जीवन से जुड़े दोषों को दूर करने के लिए किसी जरूरतमंद व्यक्ति को अपने सामर्थ्य के अनुसार अनाज का दान जरूर करना चाहिए. हिंदू मान्यता के अनुसार गंगा दशहरा के दिन व्यक्ति को कम से कम 10 मुट्टी अनाज जरूर दान करना चाहिए.
3. सत्तू का दान
उत्तर भारत में सत्तू को पारंपरिक खाद्य पदार्थ माना जाता है जो मुख्य रूप से चने जौ आदि को पीसकर बनाया जाता है. सत्तू का शर्बत या फिर उसका अन्य तरह से किया जाने वाला सेवन न सिर्फ पेट भरता है बल्कि यह पेट को भी ठंडक भी देता है. ऐसे में गर्म मौसम से राहत प्रदान करने वाले सत्तू का दान गंगा दशहरा पर शुभ माना गया है.
4. फल का दान
हिंदू मान्यता के अनुसार किसी भी पूजा या पर्व का पुण्यफल पाने के लिए व्यक्ति को उस दिन अपने सामर्थ्य के अनुसार रसीले फल जैसे खूरबूज, तरबूज, लीची, बेल, आम केला आदि का दान करना चाहिए.
5. वस्त्र का दान

Photo Credit: AI Generated Image @ gemini
हिंदू मान्यता के अनुसार अन्न, जल और फल की तरह किसी जरूरतमंद व्यक्ति को वस्त्र का दान करने पर भी पुण्य की प्राप्ति होती है. ऐसे में गंगा दशहरा वाले दिन अपने सामर्थ्य के अनुसार वस्त्र दान करें, लेकिन ध्यान रहे कि किसी को पहने हुए फटे-पुराने कपड़े भूलकर भी न दें अन्यथा ऐसे दान से दोष लगता है.
6. छाता का दान
जिस ज्येष्ठ मास के शुक्लपक्ष की दशमी तिथि पर गंगा दशहरा का पर्व मनाया जाता है, उसमें बहुत ज्यादा गरमी पड़ती है. ऐसे में व्यक्ति को किसी जरूरतमंद व्यक्ति को सूरज की गरमी से बचने छतरी, टोपी, गमछा आदि का दान करना चाहिए.
7. जूते-चप्पल का दान
हिंदू मान्यता के अनुसार यदि गंगा दशहरा के दौरान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को गर्म तापमान के कारण तपती जमीन से पैरों को बचाने वाली चप्पल या जूते दान में दिये जाएं तो उसका अत्यधिक पुण्यफल प्राप्त होता है.
8. पंखा का दान

जिस प्रकार गरमी के मौसम में छाता और जूते-चप्पल व्यक्ति को धूप आदि से बचाते हैं, कुछ वैसे ही पंखा भी लोगों को गरमी से राहत पहुंचाने का काम करता है. ऐसे में गंगा दशहरा वाले दिन पुण्य की प्राप्ति के लिए जरूरतमंद व्यक्ति को हाथ वाला या फिर बिजली वाला पंखा दान करना चाहिए.
9. सुहाग की सामग्री का दान
हिंदू मान्यता के अनुसार गंगा दशहरा वाले दिन स्नान-ध्यान करने के बाद किसी सुहागिन महिला को सुहाग की सामग्री के साथ कुछ धन का दान करने पर विवाहित महिलाओं पर मां गंगा की असीम कृपा बरसती है और उन्हें अखंड सौभाग्य का वरदान प्राप्त होता है.
10. गंगा दशहरा पर करें दीपदान
गंगा दशहरा वाले दिन तमाम तरह की चीजों के दान की तरह दीपदान का भी बहुत ज्यादा महत्व बताया गया है. ऐसे में व्यक्ति को इस दिन पुण्यफल की प्राप्ति के लिए गंगा स्नान और पूजन के बाद विशेष रूप से शुद्ध घी वाले दीये जरूर जलाकर नदी में प्रवाहित करने चाहिए. हिंदू मान्यता के अनुसार गंगा दशहरा वाले दिन गंगा में दीपदान करने पर व्यक्ति पर मां गंगा की असीम कृपा बरसती है. दीपदान के पुण्य प्रताप से व्यक्ति के जीवन का सारा अंधकार, दुख और दुर्भाग्य दूर होता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं