आज के दौर में फिल्मों में सबसे ज्यादा फीस हीरो लेते हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब एक विलेन का जलवा हर किसी पर भारी पड़ता था. लोग उसे पर्दे पर देखते ही डर जाते थे और उसकी एंट्री से ही फिल्म का मजा दोगुना हो जाता था. 1974 में इस स्टार ने माइकल बनकर ऐसा धमाल मचाया कि 'माइकल दारू पीकर दंगा करता है' गाना आज भी लोगों की जुबान पर है. सबसे चौंकाने वाली बात ये थी कि उस दौर में ये स्टार फीस के मामले में अमिताभ बच्चन जैसे बड़े हीरो को भी पीछे छोड़ चुका था. इतना ही नहीं, उसकी ऐसी धाक थी कि कई लोग अपने बच्चों का नाम तक उसके नाम पर नहीं रखते थे. अगर आप अब भी नहीं पहचान पाए हैं, तो चलिए सस्पेंस खत्म करते हैं.
ये भी पढ़ें: IMDB पर 7.8 रेटिंग, Jio Hotstar की ये 6 एपिसोड वाली वेब सीरीज 25 दिनों से बनी हुई है लोगों की पहली पसंद
आखिर कौन था ये माइकल
अगर अब तक आप नहीं समझ पाए हैं, तो हम आपको बता दें कि ये स्टार थे प्राण. उनका पूरा नाम प्राण किशन सिकंद था. उन्होंने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत हीरो के तौर पर की थी, लेकिन बाद में विलेन बनकर ऐसा नाम कमाया कि कई सालों तक उनका कोई मुकाबला नहीं था. उनकी एक्टिंग इतनी दमदार थी कि लोग उन्हें असली जिंदगी में भी विलेन जैसा समझने लगे थे.
जब फीस में सबको छोड़ दिया पीछे
60 और 70 के दशक में प्राण का ऐसा जलवा था कि फिल्म के पोस्टर पर उनका नाम और फोटो भी हीरो जितना बड़ा छापा जाता था. इसी वजह से उन्होंने अपनी फीस भी लगातार बढ़ाई. कहा जाता है कि 1968 से 1982 के बीच वो एक फिल्म के लिए कई लाख रुपये लेते थे. उस समय उनकी फीस मनोज कुमार, धर्मेंद्र, जितेंद्र, सुनील दत्त, विनोद खन्ना और यहां तक कि अमिताभ बच्चन से भी ज्यादा थी. बाद में 80 के दशक की शुरुआत में अमिताभ बच्चन ने फीस के मामले में उन्हें पीछे छोड़ा.

माइकल बनकर मचा दिया था धमाल
1974 में रिलीज हुई फिल्म मजबूर में प्राण ने माइकल का रोल निभाया था. इस फिल्म का गाना 'माइकल दारू पीकर दंगा करता है' जबरदस्त हिट हुआ और आज भी लोग इसे बड़े चाव से सुनते हैं. यही रोल उनके सबसे यादगार किरदारों में गिना जाता है. बाद में उन्होंने सिर्फ विलेन ही नहीं, बल्कि अच्छे इंसान वाले रोल भी किए. जंजीर, अमर अकबर एंथनी, शराबी और कई फिल्मों में उनका अलग अंदाज लोगों को खूब पसंद आया.
नाम से भी डरते थे लोग
एक समय ऐसा भी आया जब प्राण की विलेन वाली इमेज इतनी मजबूत हो गई कि लोग सच में उनसे डरने लगे. कहा जाता है कि उस दौर में कई माता-पिता अपने बच्चों का नाम प्राण नहीं रखते थे, क्योंकि ये नाम लोगों के मन में विलेन की पहचान बन चुका था. 80 और 90 के दशक में उन्होंने सपोर्टिंग रोल भी किए और आखिरी समय तक फिल्मों से जुड़े रहे. साल 2013 में 93 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया, लेकिन उनका माइकल और उनके दमदार रोल आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं