Neet UG Exam 2026 Cancelled: भारत सरकार की मंजूरी से राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (National Testing Agency) ने NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है. ये परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी. एनडीटीवी ने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह से बात की और विद्यार्थियों और उनके माता-पिता के मन में उठ रहे सवाल पूछे.
अभिषेक सिंह ने कहा, "हम किसी को बच्चों के जिंदगी से नहीं खेलने देंगे.ऐसे करने वालों को बख्शेंगे नहीं. हम सीबीआई जांच की फाइडिंग का इंतजार कर रहे हैं. उसके बाद दोबारा परीक्षा लेंगे."
NTA चीफ ने एनडीटीवी से बात करते हुए कहा, "कई बार हमें सख्त फैसले लेने होते हैं. इससे जरूर भरोसे पर असर पड़ता है, लेकिन ऐसे फैसले लेने जरूरी हैं. उन्होंने छात्रों से कहा कि हम आप सभी को ये बताना चाहते हैं कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अगर कोई ऐसा कुछ कर रहा है तो तुरंत एनटीए को इसकी सूचना दें."
लीक कहां से शुरु हुई?
लीक की शुरूआत कहां से हुई इसके जवाब में अभिषेक सिंह बोले, "ये तो जांच में पता चलेगा. 7 मई को हमें पता कि इस तरह की दिक्कतें सामने आई है. अब तक ये पता नहीं चल पाया है कि लीक कहां से हुई. उन्होंने बताया कि कॉपियों की चेकिंग शुरू हो चुकी थी, लेकिन जैसे ही हमें ऐसी खबरें मिलीं तो हमने इसकी जांच शुरू कर दी. उन्होंने कहा कि हम छात्रों और पेरेंट्स के साथ खड़े हैं. छात्रों से कोई फीस नहीं वसूली जाएगी और जल्द ही एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे."
दोबारा कब होगा NEET UG 2026 एग्जाम?
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी चीफ ने कहा कि दोबारा परीक्षा कराए जाने को लेकर हम प्लान कर रहे हैं, एक बार जब सारी तैयारियां पूरी हो जाएंगी तो हम इसकी तारीख की घोषणा कर देंगे.
गौरतलब है कि एनटीए अब परीक्षा की नई तारीख का ऐलान करेगा. करीब 22 लाख से ज्यादा छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा. एजेंसी की तरफ से बताया गया है कि छात्रों को वही सेंटर अलॉट होंगे, जहां उन्होंने परीक्षा दी थी.
एजेंसी ने कहा है कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा को कैंसिल करने का फैसला लिया गया है. इसके अलावा ये भी बताया गया है कि छात्रों को दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी. उनके लिए जल्द ही नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं