NEET Re-Exam Answer Key: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की तरफ से NEET UG 2026 की दोबारा हुई परीक्षा की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी गई है. फिलहाल ओएमआर रिस्पॉन्स शीट अपलोड नहीं की गई है, NTA ने बताया है कि रिस्पॉन्स शीट पर अभी काम चल रहा है और उन्हें अभी वेबसाइट पर जल्द अपलोड कर दिया जाएगा. नीट री-एग्जाम देने वाले छात्र NTA की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपनी आंसर की देख सकते हैं, साथ ही किसी जवाब पर आपत्ति है तो उसे 28 जून तक चैलेंज कर सकते हैं. आंसर की जारी होने के बाद अब छात्रों को रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है.
प्रोविजनल आंसर की का क्या मतलब है?
ये परीक्षा के तुरंत बाद जारी होने वाली आंसर की होती है, जिसमें छात्र अपने जवाबों को मिला सकते हैं और रिजल्ट आने से पहले ही अपने संभावित स्कोर का अंदाजा लगा सकते हैं. इसके अलावा जिन सवालों के गलत होने पर डाउट है, उन्हें भी चैलेंज कर सकते हैं. तमाम आपत्तियों के बाद अगर दावे सही पाए जाते हैं तो सवालों को हटाया जाता है और फिर फाइनल आंसर की जारी की जाती है.
ऐसे चेक करें अपनी आंसर की
- आंसर की देखने के लिए आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं
- यहां होमपेज पर NEET UG 2026 Re-Exam Provisional Answer Key का लिंक दिखेगा, इस पर क्लिक करें
- अपना एप्लीकेशन नंबर और डेट ऑफ बर्थ दर्ज करके लॉगइन करें
- ऐसा करने के बाद आंसर-की स्क्रीन पर आ जाएगी
- इसे यहां से डाउनलोड कर लें और अपने उत्तरों का मिलान करें
- जरूरत पड़ने पर आप किसी सवाल को चैलेंज भी कर सकते हैं
कब तक जारी होगा रिजल्ट?
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया था कि 21 जून की परीक्षा के बाद जल्द से जल्द तय समय में रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा. ऐसे में माना जा रहा है कि जुलाई के पहले या फिर दूसरे हफ्ते में ही रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा, जिससे छात्रों को ज्यादा नुकसान न हो और वो जल्द से जल्द एडमिशन ले पाएं. बता दें कि 3 मई को हुई नीट परीक्षा को पेपर लीक के बाद रद्द कर दिया गया था.
चुनाव आयोग और SIR की NCERT की नई किताब में तारीफ, स्कूली बच्चे पढ़ेंगे चैप्टर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं