Vasundhara Raje Education: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तरफ से तमाम राज्यों के लिए अपनी टीम का ऐलान किया गया है. इस टीम में कई बड़े चेहरे एक बार फिर कमबैक करते दिख रहे हैं. इनमें सबसे बड़ा नाम राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया का है, जो बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में होंगीं. राजस्थान चुनाव के बाद से ही वसुंधरा को पार्टी से नाराज बताया जा रहा था, लेकिन अब उनकी वापसी ने सभी को चौंका दिया है. ऐसे में आइए जानते हैं कि वसुंधरा राजे ने कहां से पढ़ाई की थी और उनके पॉलिटिकल करियर की शुरुआत कैसे हुई.
स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई
वसुंधरा राजे सिंधिया का जन्म 8 मार्च 1953 को हुआ था. उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई तमिलनाडु के कोडईकनाल के प्रेजेंटेशन कॉन्वेंट स्कूल से की थी. इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ मुंबई के सोफिया कॉलेज से ऑनर्स इन इकॉनोमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से बीए किया. भारतीय जनता पार्टी की वेबसाइट पर भी उनकी ये एजुकेशनल क्वालिफिकेशन दी गई है.
ऐसे शुरू हुआ राजनीतिक सफर
वसुंधरा राजे का पॉलिटिकल करियर 1984 में शुरू हुआ, जब उन्हें बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य बनाया गया. इसके बाद 1985 में राजस्थान बीजेपी युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष बनीं और धौलपुर से पहली बार विधायक चुनी गईं. साल 1989 में वसुंधरा झालावाड़ से पहली बार लोकसभा सांसद चुनी गईं. इसके बाद वह लगातार 5 बार सांसद रहीं. उन्होंने बतौर कैबिनेट मंत्री कई मंत्रालयों में काम भी किया. इसके बाद 2003 में वसुंधरा पहली बार राजस्थान की मुख्यमंत्री बनीं और फिर 2013 में उनका सीएम के तौर पर दूसरा टर्म रहा.
साल 2023 में हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी को राजस्थान में बड़ी जीत मिली, लेकिन आलाकमान की तरफ से सीएम के लिए वसुंधरा को नहीं चुना गया. भजनलाल शर्मा को राजस्थान का सीएम बनाया गया और वसुंधरा इसके बाद से ही साइडलाइन रहीं. अब पार्टी की राष्ट्रीय टीम में उनका नाम आने को वसुंधरा का कमबैक माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें - 'सरकार का काम स्कूलों को दुरुस्त करना, छिपाना नहीं'...राजस्थान सरकार के आदेश पर बोले पेरेंट्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं