UP TET के पहले दिन बरेली में कई अभ्यर्थियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा. परीक्षा देने जा रहे कुछ अभ्यर्थी बदायूं रोड पर राजनीतिक रैली के चलते लगे लंबे जाम में फंस गए. उनका कहना है कि वे समय से पहले घर से निकले थे, लेकिन भारी ट्रैफिक के कारण परीक्षा केंद्र तक समय पर नहीं पहुंच सके. जब वे केंद्र पहुंचे तो निर्धारित समय निकल चुका था और उन्हें परीक्षा में बैठने की इजाजत नहीं मिली. इससे नाराज महिला अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है. ये पूरा ट्रैफिक जाम बीजेपी नेता की एक बड़ी रैली के चलते लगा था.
महिला अभ्यर्थियों ने लगाया आरोप
महिला अभ्यर्थियों का आरोप है कि उनका परीक्षा केंद्र नैनीताल रोड स्थित मनोहर भूषण इंटर कॉलेज में था. उन्होंने बताया कि रास्ते में बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य की रैली के कारण बदायूं रोड पर लंबा जाम लग गया. काफी देर तक वाहन आगे नहीं बढ़ सके. किसी तरह परीक्षा केंद्र पहुंचने पर वे करीब दो मिनट की देरी से पहुंचे, लेकिन गेट बंद हो चुका था. उन्होंने केंद्र पर मौजूद अधिकारियों से अपनी स्थिति बताई, फिर भी उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया.
परीक्षा देने से रोकी गई महिला अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने परीक्षा के नियमों का पालन करने की पूरी कोशिश की थी. उनका कहना है कि अगर रास्ते में असामान्य स्थिति पैदा नहीं होती तो वे समय से पहले केंद्र पहुंच जाते. उनका आरोप है कि उनकी देरी लापरवाही की वजह से नहीं, बल्कि अचानक लगे जाम के कारण हुई. ऐसे में उन्हें परीक्षा से बाहर करना उनके भविष्य के साथ अन्याय है.

डीएम से लगाई गुहार
इसी मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा. उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि उनके मामले को मानवीय आधार पर देखा जाए. अभ्यर्थियों ने मांग की है कि या तो उनके लिए दोबारा परीक्षा कराई जाए या फिर किसी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उन्हें परीक्षा देने का एक और अवसर दिया जाए, ताकि उनकी मेहनत बेकार न जाए.
दूसरी ओर प्रशासन ने साफ कर दिया है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की ढील नहीं दी जा सकती. एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा का संचालन तय नियमों के अनुसार किया जाता है. प्रवेश का समय समाप्त होने के बाद बायोमेट्रिक सत्यापन सहित सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी हो जाती हैं. ऐसे में देर से आने वाले किसी भी अभ्यर्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती.
ये भी पढ़ें - UP TET 2026: नौकरी बची रहे साहब...हाईटेक सुरक्षा के बीच एग्जाम देने पहुंचे 'मास्टर जी', छलका दर्द
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं