NDTV-Dettol Award : दिल्ली का ऐतिहासिक लाल किला इतिहास का साक्षी तो रहा ही है, लेकिन आजकल इसकी पार्किंग में भारत का एक नया भविष्य गढ़ा जा रहा है. दिल्ली पुलिस के एक हवलदार थान सिंह, जो वर्दी में ड्यूटी भी निभाते हैं और खाकी के पीछे छिपे संवेदनशील दिल से सैकड़ों बच्चों का जीवन भी संवार रहे हैं. हाल ही में मुंबई में आयोजित 'NDTV डेटॉल स्वस्थ बनेगा इंडिया समारोह में उन्हें विशेष पहचान अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है. आज जब वो अवॉर्ड लेकर अपनी पाठशाला पहुंचे, तो बच्चों की खुशी का ठिकाना न रहा.
पार्किंग में चलता है स्कूल, न कोई फीस न डॉक्यूमेंट
थान सिंह की पाठशाला लाल किले की पार्किंग में चलने वाला एक अनोखा खुला स्कूल है. जहां कोई फीस नहीं, कोई दस्तावेजों की दीवारें नहीं. बस शिक्षा का जुनून और आंखों में नई उम्मीदें हैं. दिल्ली पुलिस के हवलदार थान सिंह ने साल 2015 में सिर्फ चार बच्चों से इस पाठशाला की शुरुआत की थी. आज यहां रोजाना 200 से भी ज्यादा गरीब और झुग्गी-बस्ती के बच्चे पढ़ने आते हैं.
NDTV डेटॉल 'स्वस्थ बनेगा इंडिया ' अवॉर्ड्स से किया गया सम्मानित
अक्टूबर को मुंबई में आयोजित NDTV डेटॉल 'स्वस्थ बनेगा इंडिया ' अवॉर्ड्स में थान सिंह को उनकी इस निस्वार्थ सेवा के लिए विशेष पहचान अवॉर्ड से नवाजा गया. सम्मान पाकर दिल्ली लौटते ही थान सिंह सीधे अपनी ड्यूटी के साथ इस पाठशाला पहुंचे. अपने थान सिंह सर के हाथ में सम्मान पत्र देख इन मासूमों के चेहरों पर जो खुशी झलकी, उसने इस जगह को उत्सव के माहौल में बदल दिया. थान सिंह की यह पाठशाला इस बात का सुबूत है कि बदलाव लाने के लिए बड़ी-बड़ी इमारतों की नहीं, बल्कि एक नेक नीयत और बुलंद हौसले की जरूरत होती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं