- महाराष्ट्र में TET का पेपर लीक होने के कारण परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है.
- लगभग चार लाख उम्मीदवार 28 जून को होने वाली इस परीक्षा में बैठने जा रहे थे.
- भिवंडी पुलिस ने पेपर लीक मामले में संदिग्धों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
28 जून यानी कल होने वाली महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET) का पेपर लीक हो गया है. महाराष्ट्र के ठाणे से TET का पेपर लीक होने की खबर है. MAHA TET परीक्षा में 4 लाख के करीब कैंडिडेट शामिल होने वाले थे. पेपर लीक होने के कारण इस परीक्षा को फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया गया है. शिक्षा विभाग परीक्षा की ओर से पेपर को स्थगित करने का ऐलान किया गया है. वहीं एग्जाम की नई तारीख की घोषणा जल्द कर दी जाएगी. NEET परीक्षा के पेपर लीक होने के बाद देश भर में हंगामा मचा हुआ था. इस बीच TET का पेपर लीक होने की घटना ने शिक्षा विभाग की खराब कार्यप्रणाली को एक बार फिर उजागर कर दिया है.
भिवंडी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज
NEET 2026 परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को ध्यान में रखते हुए, महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए थे. हालांकि, आज यानी 27 जून को सुबह करीब 4 बजे, गुप्त सूचना के आधार पर भिवंडी पुलिस ने सदर इलाके में छापेमारी की. उन्हें जानकारी मिली थी कि भिवंडी में प्रश्न-पत्र में बदलाव किया जा सकता है. परीक्षा परिषद के अधिकारियों की मौजूदगी में पेपर लीक की पड़ताल की गई. संदिग्धों के पास मिले प्रश्न पत्र, TET पेपर से हूबहू मैच हुए थे. इस मामले में भिवंडी पुलिस स्टेशन ने केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. इस मामले में पुलिस ने कम से कम तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है.

साल 2025 में भी हुआ था पेपर लीक
पूरे राज्य से करीब 4 लाख 28 हजार उम्मीदवार यह परीक्षा देने वाले थे. राज्य भर के 1,428 केंद्रों पर कल ये परीक्षा होने वाली थी. कुल रजिस्टर्ड उम्मीदवारों में से 2,26,263 ऐसे शिक्षक थे जो पहले से नौकरी कर रहे थे और जरूरी TET क्वालिफ़िकेशन हासिल करने के लिए परीक्षा दे रहे थे. जबकि बाकी उम्मीदवार शिक्षक बनने के इच्छुक थे.
पेपर लीक होने की वजह से इन लाखों भावी शिक्षकों का भविष्य बीच में लटक गया है. बता दें कि इससे पहले साल 2025 में भी पेपर लीक हुआ था. साल 2025 में कोल्हापुर से TET का पेपर लीक होने की घटना सामने आई थी.
पारदर्शिता के साथ होगा एग्जाम
शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. पंकज भोयर ने पेपर लीक पर कहा, भिवंडी में पेपर लीक की पुष्टि हुई है, अब पूरी पारदर्शिता के साथ नए सिरे से परीक्षा होगी. परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 28 जून की TET परीक्षा रद्द की गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं