Singapore Reading Campaign : अगर आपसे कोई कहे कि रोज सिर्फ 15 मिनट किताब पढ़कर आप पैसा कमा सकते हैं, तो शायद यह मजाक लगे. लेकिन सिंगापुर में यह हकीकत बनने जा रही है. जी हां, वहां की सरकार ने लोगों को स्मार्ट फोन, रील्स और शॉर्ट वीडियो की बढ़ती लत को ध्यान में रखकर रीडएसजी (ReadSG) जैसी अनोखी योजना शुरु की है. तो चलिए जानते हैं इस योजना के बारे में विस्तार से...
क्या है ReadSG योजना?
सिंगापुर के नेशनल लाइब्रेरी बोर्ड (NLB) ने हाल ही में रीड एसजी (ReadSG) नाम से पांच साल का नेशनल कैंपेन शुरू किया है. सरकार का मानना है कि डिजिटल दौर में लोग लंबा कंटेंट पढ़ने के बजाय छोटे और तेजी से खत्म होने वाले वीडियो देखने ज्यादा समय बिता रहे हैं, जिससे उनका फोकस और सोचने समझने की क्षमता पर बुरा असर पड़ रहा है. ऐसे में यह योजना लोगों में पढ़ने की आदत को फिर से मजबूत करेगी.
50 दिन और 15 मिनट लगातार पढ़ना है बुक
योजना के तहत प्रतिभागियों को रोज कम से कम 15 मिनट तक कोई किताब या लंबा आर्टिकल पढ़ना होगा. इसके बाद उन्हें अपने पढ़ने का समय सरकारी वेबसाइट पर दर्ज करना होगा. हर सफल 15 मिनट की रीडिंग सेशन के बदले 20 वर्चुअल कॉइन मिलेंगे. हालांकि एक दिन में केवल एक ही रीडिंग सेशन दर्ज किया जा सकेगा.
1 सिंगापुर डॉलर मिलेगा
इन वर्चुअल कॉइनों को बाद में नकद रिवॉर्ड में बदला जा सकेगा. योजना के नियमों के मुताबिक 1,000 वर्चुअल कॉइन की कीमत 1 सिंगापुर डॉलर होगी. यानी किसी व्यक्ति को 1 सिंगापुर डॉलर कमाने के लिए 50 दिन तक लगातार 15 मिनट पढ़ना होगा.
रिडर्स तैयार करना है
सिंगापुर के नेशनल लाइब्रेरी बोर्ड (NLB) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेलिसा टैम का कहना है कि शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट हमें अपडेटेड रखने में मदद करता है, लेकिन लंबा पढ़ना ध्यान फोकस बेहतर करने, क्रिटिकल थिंकिंग विकसित करने और इमैजिनेशन को बेहतर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उनका इस योजना के तहत ऐसे पाठकों का समाज तैयार करना है जो जिज्ञासु, समझदार और जटिल दुनिया को बेहतर ढंग से समझने में सक्षम हों.
क्या कहती है रिसर्च
सिंगापुर की 2024 नेशनल रीडिंग हैबिट्स स्टडी में पाया गया कि लोग अब ऐसे कंटेंट की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं जिसे कुछ सेकंड या मिनट में देखा जा सके. इसके विपरीत लंबी किताबें और लेख कम पढ़े जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें- कॉलेज के बाद पहली नौकरी कैसे पाएं? रिज्यूमे और इंटरव्यू के लिए अपनाएं ये जरूरी टिप्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं