देश की प्रमुख परीक्षा एजेंसी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में परीक्षा प्रणाली को बेहतर करने के लिए बड़े फेरबदल किए गए हैं. केंद्र सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के तहत NTA में पांच वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है. ये अधिकारी डायरेक्टर और ज्वाइंट डायरेक्टर जैसे बड़े और जिम्मेदार पदों को संभालेंगे. तो चलिए जानते हैं उन अधिकारियों के नाम और पद.
किन 5 अधिकारियों की हुई नियुक्ति
नई नियुक्तियों में 2005 बैच के IRS अधिकारी अंशुमान शर्मा को ज्वाइंट सेक्रेटरी बनाया गया है. इसके अलावा 2011 बैच के IRS अधिकारी सथिया एस, 2012 बैच के IAS अधिकारी प्रसन्ना वेंकटेश वी और 2012 बैच के अधिकारी रवि कुमार सिंह को डायरेक्टर पद पर नियुक्त किया गया है. वहीं 2016 बैच के IRS अधिकारी अमित सामदरिया को ज्वाइंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने अंशुमान शर्मा की नियुक्ति को पांच वर्ष की अवधि या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, मंजूरी दी है. इसके लिए NTA में खाली डिप्टी सेक्रेटरी/डायरेक्टर पद को अस्थायी रूप से ज्वाइंट सेक्रेटरी लेवल तक अपग्रेड किया गया है.
डायरेक्टर की संख्या 5 और ज्वाइंट डायरेक्टर की 4
इन नई नियुक्तियों के बाद मार्च 2025 से अब तक NTA में नियुक्त डायरेक्टरों की संख्या बढ़कर पांच और ज्वाइंट डायरेक्टरों की संख्या चार हो गई है. विदित हो कि 2025 में पवन कुमार शर्मा और विजय कुमार विनायकराव पाटिल को डायरेक्टर और आशीष गुप्ता को ज्वाइंट डायरेक्टर नियुक्त किया गया था. मई 2026 में आकाश जैन और आदित्य राजेंद्र भोजगढिया को ज्वाइंट डायरेक्टर और अनुजा बापट और रुचिता विज को ज्वाइंट सेक्रेटरी बनाया गया था.
सरकार का यह कदम अक्टूबर 2024 में गठित राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों के अनुरूप माना जा रहा है. समिति ने NTA के पुनर्गठन और उसकी परमानेंट वर्कफोर्स (Permanent Workforce) को मजबूत करने की सिफारिश की थी. इसी दिशा में सरकार ने डायरेक्टर और ज्वाइंट डायरेक्टर स्तर पर कुल 16 नए पद बनाए हैं, जिनमें आठ-आठ पद दोनों स्तरों पर शामिल हैं.
यह भी पढ़ें- UGC NET Cut Off 2026 जारी: हिंदी में 198, Geography में 250 तक पहुंचा JRF कटऑफ, NTA ने जारी की पूरी लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं