नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) ने उन कॉलेजों को चेतावनी जारी की है, जो तय सीमा से ज्यादा एडमिशन लेते हैं. सभी मेडिकल कालेजों को निर्देश दिया गया है कि जितनी सीटें आधिकारिक तौर पर हैं, सिर्फ उन्हीं पर एडमिशन होने चाहिए. कुछ ही दिनों में नीट परीक्षा का रिजल्ट जारी होने वाला है, जिसके बाद छात्र देशभर के तमाम मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन के लिए काउंसलिंग में शामिल होंगे. यही वजह है कि एडमिशन प्रोसेस शुरू होने से पहले NMC की तरफ से ये सख्त निर्देश जारी किया गया है.
कॉलेज मोटा पैसा लेकर देते हैं एडमिशन
नीट रिजल्ट के बाद कई कॉलेज छात्रों को एडमिशन का लालच देते हैं और तय सीमा से अधिक एडमिशन ले लिए जाते हैं. ऐसे छात्रों से लाखों रुपये का डोनेशन भी लिया जाता है. हालांकि तय सीटों से के बाद जो एडमिशन लिए जाते हैं, उनकी डिग्री को मान्यता नहीं मिलती है. सीटों का निर्धारण MARB कॉलेज का आधारभूत ढांचा देखकर करता है, ज्यादा एडमिशन से पढ़ाई का स्तर नीचे गिरता है.
उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
इस पब्लिक नोटिस में मेडिकल कॉलेजों और काउंसलिंग कमेटियों दोनों के लिए जरूरी निर्देश और गाइडलाइंस दी गई हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है. सीट मैट्रिक्स के हिसाब से ही कॉलेजों में एडमिशन लिए जाएंगे. उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है. इसके लिए सभी मेडिकल कॉलेजों/संस्थानों और संबंधित पक्षों से अपील की गई है कि वे इन नियमों व निर्देशों को ध्यान में रखें और अपनी तरफ से जरूरी कार्रवाई करें.
कब तक जारी होगा NEET का रिजल्ट?
NEET री-एग्जाम का रिजल्ट आने वाले कुछ ही दिनों में जारी किया जा सकता है. बताया जा रहा है कि रिजल्ट 20 जुलाई या फिर इसके आसपास जारी हो सकता है. इस बार कुल 22 लाख से ज्यादा छात्रों ने नीट परीक्षा में हिस्सा लिया था, लेकिन 3 मई को हुई परीक्षा को पेपर लीक के चलते रद्द कर दिया गया. ऐसे में 21 जून को दोबारा परीक्षा हुई, जिसमें 20 लाख छात्र शामिल हुए. अब इन लाखों छात्रों को रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है, नीट में मिले नंबरों के आधार पर ही उनका सरकारी या प्राइवेट कॉलेज में एडमिशन होगा.
ये भी पढ़ें - AIIMS दिल्ली में MBBS की कुल कितनी सीटें हैं? इतनी जाती है कट-ऑफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं