Khan Sir on NEET 2026 Paper Leak: NEET 2026 की परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर के लाखों छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर है. इस बीच फेमस टीचर खान सर की नाराजगी भी देखने को मिली है. उन्होंने दोषियों के लिए 'फांसी की सजा' की मांग की है. खान सर ने कहा कि यह कोई छोटी गलती नहीं, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है. उनके अनुसार, बार-बार पेपर लीक होना दिखाता है कि सिस्टम में बहुत बड़ी खामी है. उन्होंने यह भी कहा कि पिछले मामलों में जांच हुई, लेकिन नतीजा लगभग शून्य रहा, जिससे दोषियों का हौसला और बढ़ गया. आइए जानते हैं खान सर ने क्या मांग की है और पूरे सिस्टम की बखिया कैसे उधेड़ी.
'10 रुपये का डायपर नहीं लीक होता, NTA का पेपर लीक हो गया'
खान सर ने ANI को दिए इंटरव्यू में सीधा वार करते हुए कहा कि पेपर लीक अब कोई हादसा नहीं, बल्कि लाखों बच्चों के भविष्य के साथ खेला जाने वाला एक गंदा खेल बन चुका है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा NTA (National Testing Agency) का नाम बदलकर 'Never Trustable Agency' रख देना चाहिए. खान सर ने कहा, 'हैरानी की बात है कि 10 रुपये वाला डायपर लीक नहीं होता, लेकिन देश की सबसे बड़ी एजेंसी का पेपर लीक हो जाता है. इनका सिस्टम इतना घटिया है कि एजेंसी को खुद पता नहीं चला कि पेपर आउट हुआ है, ये तो बच्चों ने चिल्ला-चिल्ला कर सरकार को बताया.'
सिर्फ एग्जाम नहीं, छात्रों की पूरी जिंदगी दांव पर- खान सर
खान सर ने कहा, इस पूरे विवाद में सबसे ज्यादा नुकसान छात्रों का हो रहा है. लाखों छात्र महीनों की मेहनत के बाद परीक्षा देते हैं. कई परिवार दूर-दूर जाकर सेंटर तक पहुंचते हैं, कर्ज लेकर खर्च करते हैं. बार-बार परीक्षा रद्द होने से मानसिक दबाव बढ़ता है. उन्होंने कहा, कुछ छात्र ऐसे होते हैं जो घर की जिम्मेदारी और पर्सनल दुखों के बावजूद इस परीक्षा पर उम्मीद लगाए बैठे रहते हैं. ऐसे में पेपर लीक उनकी पूरी मेहनत तोड़ देता है.
जांच कब तक चलती रहेगी, ये सबसे बड़ा सवाल- खान सर
खान सर ने यह भी कहा कि CBI जांच कई बार सालों तक खिंच जाती है और तब तक प्रभावित छात्र अपनी जिंदगी आगे बढ़ा चुके होते हैं. उन्होंने कहा, 2024 में भी पेपर लीक हुआ, CBI जांच हुई, लेकिन नतीजा सिफर रहा. इसी ढिलाई ने अपराधियों के हौसले बुलंद कर दिए. उन्होंने सलाह दिया कि इस मामले की निगरानी किसी रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट जज से कराई जाए ताकि जांच समय पर और सख्ती से पूरी हो.
दोषियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए- खान सर
खान सर का मानना है कि जब तक सजा खौफनाक नहीं होगी, तब तक ये शिक्षा माफिया नहीं रुकेंगे. उन्होंने कहा, ' यह सिर्फ एक पेपर लीक नहीं है, किसी की पूरी जिंदगी का सवाल है. शिक्षा को व्यापार बनाने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए. दोषियों को ऐसी सख्त सजा मिले जैसे फांसी या उम्रकैद कि अगली बार कोई पेपर की तरफ देखने की हिम्मत न करे. कोचिंग इंडस्ट्री के उन बिजनेसमैन पर नकेल कसी जाए जो रिजल्ट खरीदने और पेपर लीक कराने के लिए करोड़ों का खेल खेलते हैं.'
NEET UG 2026 Paper Leak Live: सुप्रीम कोर्ट पहुंचा NEET पेपर लीक का मामला, न्यायिक जांच की मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं