नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने लापता हुए या खराब हो चुके स्कोरकार्ड को दोबारा पाने की कोशिश करने वाले उम्मीदवारों के लिए जरूरी सूचना जारी की है. अब छात्रों को डुप्लीकेट स्कोरकार्ड केवल इलेक्ट्रॉनिक रूप में जारी किए जाएंगे. उम्मीदवारों को इसकी प्रिंटेड कॉपी डाक से नहीं भेजी जाएगी, बल्कि उनके ईमेल पर स्कोरकार्ड उपलब्ध कराया जाएगा. ऐसे में डुप्लीकेट स्कोरकार्ड के लिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी डिजिलॉकर सुविधा भी जांचने की सलाह दी गई है.
पहले था ये नियम
एनटीए के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को जारी शुद्धिपत्र के तहत डुप्लीकेट स्कोरकार्ड जारी करने की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है. अब ये दस्तावेज इलेक्ट्रॉनिक रूप से तैयार किया जाएगा और सीधे उम्मीदवार के ईमेल पते पर भेजा जाएगा. वहीं पुरानी व्यवस्था की बात करें तो पहले उम्मीदवारों को डुप्लीकेट स्कोरकार्ड की फिजिकल कॉपी स्पीड पोस्ट से मंगाने का विकल्प मिलता था. इस बदलाव के बाद उम्मीदवारों को डुप्लीकेट स्कोरकार्ड लेने के लिए पहले लागू 200 रुपए का अतिरिक्त शुल्क भी नहीं देना होगा.
फीस को लेकर कही गई ये बात
दरअसल, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने यह स्पष्ट किया है कि यह शुल्क पहले स्पीड पोस्ट के जरिए स्कोर कार्ड की प्रिंटेड कॉपी भेजने के लिए लिया जाता था. चूंकि अब फिजिकल कॉपी जारी नहीं की जाएगी, इसलिए उम्मीदवार इस अतिरिक्त शुल्क का भुगतान न करें. एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि यदि उनका स्कोरकार्ड खो गया है या खराब हो गया है, तो डुप्लीकेट स्कोरकार्ड के लिए आवेदन करने से पहले डिजिलॉकर में उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर लें. इससे उन्हें अपना स्कोरकार्ड दोबारा पाने में मदद मिल सकती है.
उम्मीदवार इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं. इसके अलावा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को ईमेल भेज सकते हैं या 011-40759000 और 1800-180-4747 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं.
तमाम बड़ी परीक्षाएं करवाता है NTA
गौरतलब है कि एनटीए कई प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करता है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक आयोजित होने वाली विभिन्न प्रमुख परीक्षाओं का प्रस्तावित कैलेंडर पहले ही जारी कर दिया था. जारी किए गए कैलेंडर मेजेईई मेन, यूजीसी नेट, संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट, सीमैट, सीयूईटी पीजी समेत कुल 14 परीक्षाओं की संभावित तिथियां शामिल थी. दिसंबर 2026 में पांच परीक्षाएं प्रस्तावित हैं.
यह भी पढ़ें | BPSC ने जारी किया भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर, TRE-4 की तारीख का कोई जिक्र नहीं
यह भी पढ़ें | NIA में 50 पदों पर निकली भर्ती, 1.51 लाख तक मिलेगी सैलरी; यहां मिलेगी हर जानकारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं