NEET Result 2026 NTA Warning: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 16 जुलाई 2026 को NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस साल 11.21 लाख स्टूडेंट्स ने बाजी मारी है. अब सबकी नजर काउंसलिंग पर है. अगर आपने भी यह परीक्षा पास कर ली है, तो आपको जश्न मनाने के साथ-साथ आपको सावधान रहने की भी जरूरत है, क्योंकि रिजल्ट आते ही ठग और फर्जी एजेंट एक्टिव हो गए हैं. NTA ने सभी स्टूडेंट्स और उनके पैरेंट्स के लिए एक सख्त चेतावनी (Advisory) जारी की है. अगर आप काउंसलिंग और मेडिकल कॉलेज में एडमिशन की तैयारी कर रहे हैं, तो एक गलती भूलकर भी न करें, वरना आपको बड़ा नुकसान हो सकता है.
NEET Result 2026 में टॉप स्कोर कितना रहा
इस साल करीब 20 लाख उम्मीदवार नीट यूजी 2026 परीक्षा में शामिल हुए थे. इनमें से 11.21 लाख छात्रों ने परीक्षा क्वालिफाई की है. परीक्षा देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ विदेश के 14 शहरों में भी कराई गई. NTA के मुताबिक, इस बार क्वालिफाई स्टूडेंट्स में से 58 परसेंट से ज्यादा छात्राएं शामिल हैं. इस बार सबसे ज्यादा 715 अंक आए हैं. यह स्कोर पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने संयुक्त रूप से हासिल किया. इसके अलावा 19 छात्रों ने 700 से ज्यादा अंक हासिल किए हैं.
NEET Result 2026 के बाद NTA की चेतावनी
नीट रिजल्ट जारी होते ही कई स्टूडेंट्स और पेरेंट्स के पास अनजान नंबरों से कॉल्स, SMS और व्हाट्सएप मैसेज आने लगते हैं. ये लोग खुद को NTA का अधिकारी या बड़े मेडिकल कॉलेजों का एजेंट बताते हैं. ये मेडिकल सीट दिलाने, सीट ब्लॉक करने या स्कोर बढ़ाने का दावा करते हैं. NTA ने साफ कहा है कि किसी भी व्यक्ति को पैसे देकर एडमिशन दिलाने का दावा करने वालों पर भरोसा न करें. सीट कंफर्म कराने वाले एजेंटों से दूर रहें. स्कोर सुधारने या रैंक बदलने का दावा पूरी तरह फर्जी है. NTA कभी भी पैसे, बैंक डिटेल या पासवर्ड नहीं मांगता है. अगर आपके पास ऐसा कोई कॉल या मैसेज आए तो तुरंत सावधान हो जाएं.
नीट यूजी काउंसलिंग के लिए किन वेबसाइट्स पर करें भरोसा
NEET Official Portal
MCC Counselling Portal
संबंधित राज्य की आधिकारिक काउंसलिंग वेबसाइट
ऐसे कॉल या मैसेज आने पर क्या करें
NTA कभी भी किसी स्टूडेंट को फोन, मैसेज या ईमेल करके एडमिशन दिलाने की बात नहीं करता और न ही इसके लिए पैसे मांगता है. अगर आपके पास ऐसा कोई भी संदिग्ध फोन या मैसेज आए, तो तुरंत 011-40759000 पर कॉल करें या neetug2026@nta.ac.in पर ईमेल करके शिकायत दर्ज कराएं.
ये भी पढ़ें - Success Story: दादी की हुई थी कैंसर से मौत, NEET टॉपर आर्यन गुप्ता ने बताया आखिर क्यों बनना चाहते हैं डॉक्टर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं