NEET Re-Exam: 21 जून को होने वाली री-नीट परीक्षा के लिए बिहार में तैयारियां जोरों पर है. मंगलवार को मुख्य सचिव और डीजीपी ने समीक्षा बैठक की. बैठक में निर्देश दिया गया कि संदिग्ध कोचिंग सेंटर्स का लगातार निरिक्षण किया जाए. IB और LIU के इनपुट के आधार पर उन कोचिंग संस्थानों की लिस्ट बनाई जाए, जो पहले पेपर लीक जैसी घटनाओं में किसी भी स्तर पर शामिल रहे हैं. इसके अलावा प्रदेश भर के कोचिंग संस्थानों पर पहरा रहेगा.
बिहार में नीट री-एग्जाम को लेकर तैयारी
नीट 2026 की दुबारा होने वाले परीक्षा में पहले जैसी गड़बड़ी न हो इसके लिए डाक विभाग के समन्वय से एयरफोर्स (IAF) के विशेष विमानों द्वारा क्वेश्चन पेपर सीधे स्टेट हब्स तक सुरक्षित एयरलिफ्ट किया जाएगा. इससे एग्जाम सेंटर तक प्रश्न पत्र पहुँचने में सिर्फ 2 से 3 घंटे लगेंगे.
परीक्षा केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जिला प्रशासन द्वारा 1 ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस प्रशासन द्वारा 1 पुलिस टीम लीडर की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाएगी. अभ्यर्थियों की संख्या के अनुपात में प्रति केंद्र 3 से 14 होमगार्ड/पुलिस कर्मियों को फ्रिस्किंग ड्यूटी में लगाया जाएगा.
महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग के लिए बंद घेरे में केवल महिला सुरक्षाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति होगी. सोशल मीडिया की चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी. अगर कहीं से भी कोई संदिग्ध गतिविधि की खबर आती है तो पुलिस तुरंत उसे गिरफ्तार करेगी. अफवाह फैलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
NEET परीक्षा के रिजल्ट को लेकर शिक्षा मंत्री ने दिया बड़ा बयान, बोले- लीक प्रूफ होगा एग्जाम
विद्यार्थी और उनके परिजनों के लिए फ्री बस की व्यवस्था
नीट परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थी और उनके परिजन को बिहार की सरकारी बसों में टिकट का चार्ज नहीं देना होगा. परीक्षा केंद्र पर ORS, सत्तू की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं. परिजनों के बैठने के लिए हर सेंटर के बाहर शेड लगाया जाएगा.
राज्य के 34 जिलों के 35 शहरों में कुल 331 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. यहां कुल 1 लाख 56 हजार 61 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. इनमें 81 हजार 165 छात्र और 74,896 छात्राएं शामिल हैं. पटना में सबसे अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे.
पटना के 95 परीक्षा केंद्र पर 46 हजार 29 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. इसके बाद दरभंगा में 16 केंद्रों पर 8 हजार 633, मुजफ्फरपुर में 13 केंद्रों पर 8 हजार 126, गया में 12 केंद्रों पर 6 हजार 894, सीवान में 12 केंद्रों पर 6,517, और मोतिहारी में 13 केंद्रों पर 6,320 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं