नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने क्लास 11 और 12 की पॉलिटिकल साइंस की टेक्स्टबुक तैयार करने वाली टीम का पुनर्गठन किया है. एनसीईआरटी ने अपनी पिछली टीम को एक नए 20 सदस्यीय पैनल के साथ बदल दिया है. इस टीम को कल्चरल रूटेडनेस और इंडियन नॉलेज सिस्टम जैसे थीम को शामिल करने की जिम्मेदारी दी गई है. टीम को कर्नाटक की डीम्ड यूनिवर्सिटी निट्टे के वाइस प्रेसिडेंट, एकेडमिक और पॉलिटिकल एनालिस्ट संदीप शास्त्री लीड करेंगे.
RSS से जुड़े लोगों की टीम में मिली जगह
इस पैनल में RSS या उससे जुड़े संगठनों से जुड़े कम से कम 4 सदस्य हैं. इनमें शिक्षा मंत्रालय के एनएसटीसी कार्यक्रम कार्यालय के वरिष्ठ सलाहकार यदुनाथ देशपांडे भी शामिल हैं. देशपांडे आरएसएस से जुड़ी छात्र शाखा एबीवीपी में संगठनात्मक पदों पर रहे हैं. एक अन्य सदस्य, डॉ. प्रशांत दिवेकर, पुणे में ज्ञान प्रबोधिनी में शिक्षक शिक्षा केंद्र और अनुसंधान कार्यक्रम के प्रमुख हैं. इस संगठन की स्थापना आरएसएस प्रचारक विनायक विश्वनाथ, जिन्हें विवेकानंद पेंडसे के नाम से भी जाना जाता है, ने की थी. पैनल में जेएनयू प्रोफेसर वंदना मिश्रा भी शामिल हैं, जो एबीवीपी की पूर्व राष्ट्रीय सचिव हैं. JNU के एक और फैकल्टी मेंबर, डॉ. रवि रमेशचंद्र शुक्ला, RSS से जुड़े संगठन रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी की एक जर्नल के एडिटोरियल बोर्ड में हैं.
डेडलाइन के अंदर तैयार करनी होगी टेक्स्टबुक
NCERT के नोटिफिकेशन में कहा गया है कि टीम अलग-अलग करिकुलम ग्रुप्स से सलाह लेगी और टेक्स्टबुक्स की समीक्षा करेगी. इसका मकसद "सांस्कृतिक जुड़ाव, भारतीय ज्ञान प्रणालियों, समावेश, एजुकेशनल टेक्नोलॉजी" जैसे विषयों को शामिल करना और साथ ही अलग-अलग विषयों के बीच संबंध और बहुभाषी नजरिए को बढ़ावा देना है. इस टीम को नवंबर तक क्लास 11 की पॉलिटिकल साइंस की टेक्स्टबुक पूरी करने की डेडलाइन दी गई है. क्लास 12 की टेक्स्टबुक के लिए अगले साल जुलाई तक समय दिया गया है.
टीम पर NSUI ने जताई गंभीर चिंता
NCERT की पॉलिटिकल साइंस की टेक्स्टबुक कमिटी में ABVP-RSS से जुड़े सदस्यों की मौजूदगी पर NSUI ने गंभीर चिंता जताई है. NSUI के नेशनल प्रेसिडेंट श्री विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया है कि अहम एकेडमिक संस्थानों और टेक्स्टबुक डेवलपमेंट की प्रक्रियाओं में ABVP और RSS इकोसिस्टम से जुड़े लोगों की भागीदारी ठीक नहीं है.
ये भी पढ़ें- 20 अगस्त को यूपी-उत्तराखंड में स्कूल कहां खुले या बंद? प्रयागराज में भारी बारिश बनी आफत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं