JNV Admission 2026 : अगर आप अपने बच्चे को बेहतरीन और मुफ्त शिक्षा देना चाहते हैं, तो जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) आपके लिए एक शानदार मौका लेकर आया है. नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने सेशन 2027-28 के लिए छठी कक्षा (Class 6) में एडमिशन का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इच्छुक अभिभावक और छात्र 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
कब होगी परीक्षा और जारी होगा रिजल्ट?
नवोदय विद्यालय में एडमिशन के लिए स्टूडेंट्स को एंट्रेंस एग्जाम (JNVST 2027) पास करनी होगी. यह परीक्षा 28 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. इसका संभावित परिणाम मार्च 2027 के अंत तक घोषित होगा. एडमिशन की पूरा प्रोसेस पूरी करने की लास्ट डेट 31 अगस्त 2027 है.
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदन करने के लिए छात्रों को ये शर्तें पूरी करनी होंगी:
- स्टूडेंट सेशन 2026-27 में कक्षा 5 में पढ़ रहा हो.
- स्टूडेंट उसी जिले का निवासी हो, जहां के नवोदय विद्यालय के लिए वह आवेदन कर रहा है.
- छात्र ने कक्षा 3, 4 और 5 की पढ़ाई मान्यता प्राप्त स्कूल से की हो.
- बच्चे का जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच (दोनों तिथियां शामिल) हुआ हो.
- कक्षा 5 पास कर चुके या दोबारा पढ़ रहे छात्र आवेदन नहीं कर सकते. छात्र केवल एक बार ही परीक्षा दे सकता है.
जिले से जुड़ा नया नियम
छात्र केवल अपने गृह जिले के नवोदय विद्यालय के लिए ही फॉर्म भर सकता है. अगर छात्र पड़ोसी जिले के स्कूल में पढ़ रहा है, तो वह स्कूल उसके घर से 10 किलोमीटर के दायरे में होना चाहिए. नवोदय विद्यालय समिति इसका वेरिफिकेशन करेगी. गलत जानकारी पर सेलेक्शन रद्द कर दिया जाएगा.
कैसा होगा परीक्षा पैटर्न?
परीक्षा ओएमआर (OMR) शीट पर होगी. इसमें कुल 80 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 100 अंक तय हैं. हर सही उत्तर पर 1.25 अंक मिलेंगे और कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी.
पास होने के लिए हर सेक्शन में न्यूनतम अंक लाना जरूरी है:
- मानसिक क्षमता एवं पर्यावरण अध्ययन में 14 अंक
- अंकगणित में 7 अंक
- भाषा में 7 अंक
अभिभावक ध्यान दें कि परीक्षा में केवल नीले या काले बॉल पेन का ही इस्तेमाल करें, पेंसिल का उपयोग पूरी तरह मना है.
सीटों में आरक्षण
ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए हर जिले में कम से कम 75% सीटें आरक्षित हैं. बाकी 25% सीटों पर ओपन मेरिट से एडमिशन होगा. नियमों के अनुसार SC, ST और OBC (केंद्रीय सूची अनुसार 27%) को आरक्षण मिलेगा. कुल सीटों में से एक-तिहाई (33%) सीटें छात्राओं के लिए और निर्धारित सीटें दिव्यांग बच्चों के लिए रिजर्व रहेंगी.
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद समेत यूपी के इन जिलों में खुलेंगी तीन नई यूनिवर्सिटी, देख लीजिए पूरी लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं