UP New Private Universities: उत्तर प्रदेश के छात्रों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यूपी कैबिनेट ने राज्य में तीन नई प्राइवेट यूनिवर्सिटीज के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है. इसे लेकर पिछले कुछ महीनों से लगातार तैयारी चल रही थी, अब आने वाले सालों में इन नई यूनिवर्सिटीज में छात्र एडमिशन ले पाएंगे. इसके साथ ही अब राज्य में कुल प्राइवेट यूनिवर्सिटीज की संख्या बढ़कर 56 हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के दौरान ये अहम फैसला लिया गया. इस दौरान ये भी बताया गया कि किन जिलों में ये नई यूनिवर्सिटीज खोली जाएंगीं.
मंत्री ने दी जानकारी
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि इन प्रस्तावों को 'उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019' के तहत तय मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद मंजूरी दी गई है. उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने संबंधित संस्थानों को 'लेटर ऑफ प्रपोजल' (LoP) और काम शुरू करने की मंजूरी जारी करने को भी हरी झंडी दे दी है. सरकार का यह कदम उत्तर प्रदेश के छात्रों के लिए बेहतरीन उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ाने और पढ़ाई के नए अवसर पैदा करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
कहां खुलेंगीं तीनों यूनिवर्सिटी?
एक यूनिवर्सिटी कानपुर नगर में खोले जाने का प्रस्ताव है, जिसमें कृषि शिक्षा पर फोकस रहेगा. इसे दिल्ली के 'स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती चैरिटेबल ट्रस्ट' की तरफ से कानपुर नगर जिले की बिल्हौर तहसील के गडनपुर अहर गांव में 51 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा. दूसरी यूनिवर्सिटी गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) क्षेत्र के डासना गांव में खुलेगी. इसे 'इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग सोसाइटी' की तरफ से 26 एकड़ में बनाया जाएगा. तीसरी यूनिवर्सिटी फतेहपुर में खोलने की तैयारी है. ये यूनिवर्सिटी'एंग्लो संस्कृत कॉलेज' की तरफ से फतेहपुर दक्षिणी में 20 एकड़ से ज्यादा जमीन पर बनाई जाएगी.
यूनिवर्सिटीज की संख्या में लगातार बढ़ोतरी
यूपी में प्राइवेट यूनिवर्सिटीज की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. शिक्षा मंत्री ने दावा किया कि साल 2017 के बाद से राज्य में उच्च शिक्षा का काफी तेजी से विस्तार हुआ है. उन्होंने बताया कि 2017 तक राज्य में केवल 14 स्टेट यूनिवर्सिटीज थीं, जबकि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में 8 नई स्टेट यूनिवर्सिटी बनाई गईं. इन 3 नई यूनिवर्सिटीज के जुड़ने के बाद यूपी में प्राइवेट यूनिवर्सिटीज की संख्या बढ़कर अब 56 हो गई है.
ये भी पढ़ें - वकीलों के लिए कैसे वरदान बन सकता है AI? जानें कौन से काम हो जाएंगे आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं