National Overseas Scholarship : विदेश की यूनिवर्सिटी से मास्टर्स या PhD करने का सपना देख रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है. मिनिस्ट्री ऑफ सोशल जस्टिस एंड एम्पावरमेंट ने नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप (NOS) 2026-27 के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं. इस योजना की मदद से पात्र छात्रों को विदेश में हायर एजुकेशन हासिल करने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है. स्कॉलरशिप में ट्यूशन फीस, रहने-खाने का खर्च, हवाई यात्रा, मेडिकल इंश्योरेंस और दूसरे कई खर्च शामिल हैं. इस योजना के जरिए कुल 125 छात्रों को स्कॉलरशिप का लाभ दिया जाएगा. हालांकि, आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को तय एजुकेशनल, उम्र, इनकम और केटेगरी संबंधी शर्तों को पूरा करना जरूरी है.
किन छात्रों को मिलेगा स्कॉलरशिप का लाभ?
नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप कुछ निर्धारित वंचित समुदायों के छात्रों के लिए है. इनमें अनुसूचित जाति (SC), विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू जनजातियां (Denotified, Nomadic and Semi-Nomadic Tribes), बिना जमीन वाले कृषि मजदूर (Landless Agricultural Labourers) और पारंपरिक कारीगर परिवार (Traditional Artisan families) शामिल हैं. स्कॉलरशिप के लिए उम्मीदवार के परिवार की सभी सोर्सेज से सालाना इनकम 8 लाख रुपए से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.
60 फीसदी मार्क्स जरूरी
मास्टर्स या PhD के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास संबंधित योग्यता होनी चाहिए. इस दौरान आवेदक के पास क्वालीफाइंग एग्जामिनेशन में कम से कम 60 फीसदी मार्क्स या बराबर ग्रेड होना जरूरी है. मास्टर्स के लिए संबंधित बैचलर डिग्री, जबकि PhD के लिए निर्धारित मास्टर डिग्री जरूरी होगी.
किन खर्चों का मिलेगा लाभ?
चयनित छात्रों को विदेश में पढ़ाई के दौरान कई खर्चों के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसमें ट्यूशन फीस, मेंटेनेंस या रहने का खर्च, हवाई यात्रा, मेडिकल इंश्योरेंस और दूसरे कई खर्च शामिल हैं.
ऑनलाइन करना होगा आवेदन
योग्य उम्मीदवार नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद पर्सनल, एजुकेशनल और फाइनेंशियल जानकारी भरकर जरूरी डॉक्युमेंट्स अपलोड करने होंगे. इसके साथ ही उम्मीदवारों को विदेशी यूनिवर्सिटी और एडमिशन ऑफर से जुड़ी जानकारी भी देनी पड़ सकती है. आवेदन जमा करने से पहले सभी डिटेल्स चेक कर लें और सबमिशन के बाद एकनॉलेजमेंट सुरक्षित रखें.
ये भी पढ़ें - UGC NET के तीन पेपर रद्द होने से रिजल्ट, कट-ऑफ लिस्ट, JRF और एडमिशन पर क्या असर होगा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं