मध्य प्रदेश शिक्षा बोर्ड ने 12वीं के सेकेंड एग्जाम का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस बार सेकेंड एग्जाम में शामिल हुए कई स्टूडेंट्स को राहत मिली, लेकिन बड़ी संख्या में ऐसे भी रहे जो पास नहीं हो सके. बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक करीब 40 परसेंट स्टूडेंट्स परीक्षा में सफल नहीं हो पाए. वहीं बेटियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया. रिजल्ट जारी होने के बाद स्टूडेंट्स वेबसाइट पर जाकर अपने मार्क्स चेक कर रहे हैं.
लड़कियों ने फिर दिखाई दमदार परफॉर्मेंस
एमपी बोर्ड की ओर से जारी रिजल्ट के मुताबिक नियमित छात्राओं का पास प्रतिशत 62.31 रहा. वहीं छात्रों का पास प्रतिशत 57.36 परसेंट दर्ज किया गया. यानी इस बार भी बेटियां रिजल्ट में आगे रहीं. पिछले कुछ सालों की तरह इस बार भी लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा.
इतने स्टूडेंट्स ने दी थी परीक्षा
हायर सेकेंडरी सेकेंड एग्जाम के लिए 1 लाख 42 हजार 468 रेगुलर स्टूडेंट्स ने फॉर्म भरा था. इनमें से 1 लाख 42 हजार 467 स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल हुए. रिजल्ट में 84 हजार 871 स्टूडेंट्स को सक्सेस मिली. हालांकि बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स पास नहीं हो सके.
प्राइवेट स्टूडेंट्स का कैसा रहा रिजल्ट
सेकेंड एग्जाम में 33 हजार 334 प्राइवेट स्टूडेंट्स ने फॉर्म भरा था. इनमें से 33 हजार 315 स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल हुए. कुल 14 हजार 24 स्टूडेंट्स पास हुए. प्राइवेट स्टूडेंट्स का ओवरऑल रिजल्ट 42.10 परसेंट रहा. यहां भी बेटियां आगे रहीं. छात्राओं का पास प्रतिशत 44.7 परसेंट और छात्रों का 40.53 परसेंट दर्ज किया गया.
ऐसे चेक कर सकते हैं अपना रिजल्ट
- रिजल्ट देखने के लिए स्टूडेंट्स को एमपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा.
- वहां सेकेंड एग्जाम रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें.
- जानकारी सबमिट करते ही रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा.
किन स्टूडेंट्स को मिला था मौका
इस बार सप्लीमेंट्री परीक्षा की व्यवस्था खत्म कर दी गई थी. सेकेंड एग्जाम में फेल होने वाले, परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले और अपने मार्क्स बेहतर करना चाहने वाले स्टूडेंट्स शामिल हुए थे. बोर्ड के नियम के अनुसार दोनों मौकों में जो बेहतर रिजल्ट होगा, उसे ही अंतिम माना जाएगा.
यह भी पढ़ें- CUET-PG की दोबारा परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए नहीं हुआ नॉर्मलाइजेशन, NTA ने सोशल मीडिया के दावों को नकारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं