12वीं में बायोलॉजी लेनेवाले ज्यादातर स्टूडेंट के मन में एक सवाल जरूर आता है कि अगर NEET नहीं निकला तो आगे क्या? कई बार सालों की मेहनत सिर्फ एक परीक्षा पर टिक जाती है और असफलता का डर सपनों को छोटा कर देता है. लेकिन हकीकत यह है कि मेडिकल की दुनिया सिर्फ MBBS तक सीमित नहीं है. आज का हेल्थकेयर सिस्टम सिर्फ एक डॉक्टर पर नहीं, बल्कि पूरी मेडिकल टीम पर टिका होता है और इस टीम का हर मेंबर उतना ही इम्पोर्टेंट होता है. NEET के बिना भी आप मेडिकल फील्ड में सम्मानजनक डिग्री और शानदार करियर बना सकते हैं. आइए आपको बताते हैं ऐसे 5 मेडिकल कोर्स, जो 12वीं के बाद बिना NEET दिए किए जा सकते हैं.
बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी (Bachelor of Physiotherapy– BPT)
अगर आप मरीजों को चलने-फिरने में मदद करना चाहते हैं और दवाओं की बजाय एक्सरसाइज व थेरेपी से इलाज करना पसंद करते हैं, तो BPT एक बेहतरीन विकल्प है. यह कोर्स बिना NEET दिए किया जा सकता है. स्पोर्ट्स इंडस्ट्री, बड़े अस्पताल, रिहैबिलिटेशन सेंटर्स और प्राइवेट क्लीनिक में फिजियोथेरेपिस्ट की भारी मांग रहती है.
बैचलर ऑफ फार्मेसी (Bachelor of Pharmacy)
दवाइयां कैसे बनती हैं, कैसे काम करती हैं, अगर इसमें आपकी दिलचस्पी है, तो फार्मेसी आपके लिए बढ़िया ऑप्शन है. B.Pharmacy में एडमिशन के लिए NEET जरूरी नहीं होता. इस कोर्स के बाद आप फार्मासिस्ट, ड्रग इंस्पेक्टर या फार्मा कंपनियों में अच्छी नौकरी पा सकते हैं. सरकारी और प्राइवेट दोनों सेक्टर में इनकी डिमांड है.
नर्सिंग (Nursing)
नर्सिंग को हेल्थ केयर सिस्टम की रीढ़ कहा जाता है. ANM और GNM जैसे कोर्स 12वीं के बाद बिना NEET दिए किए जा सकते हैं. यह उन स्टूडेंट के लिए अच्छा विकल्प है जो जल्दी मेडिकल फील्ड में काम शुरू करना चाहते हैं और मरीजों की सेवा करना चाहते हैं.
मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (Medical Lab Technology – MLT)
डॉक्टर का इलाज सही तभी होता है, जब जांच रिपोर्ट सही हो. B.Sc. MLT कोर्स करके आप डायग्नोस्टिक एक्सपर्ट बन सकते हैं. यह तीन साल का कोर्स है और इसके बाद आप बड़े डायग्नोस्टिक सेंटर्स में काम कर सकते हैं या अपनी लैब भी खोल सकते हैं.
साइकोलॉजी (Psychology)
आज के समय में मानसिक स्वास्थ्य (Mental Health) को लेकर जागरूकता तेजी से बढ़ी है. NEET किए बिना आप साइकोलॉजी में ग्रेजुएशन कर सकते हैं और आगे चलकर काउंसलर या थैरेपिस्ट बन सकते हैं. स्कूल, कॉलेज, कॉरपोरेट सेक्टर और हॉस्पिटल हर जगह इनकी जरूरत होती है.
यानी अगर NEET क्लियर नहीं हुआ, तो निराश होने की जरूरत नहीं है. मेडिकल की दुनिया बहुत बड़ी है. सही कोर्स चुनकर आप भी अपना मेडिकल करियर बनाने का सपना पूरा कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- NEET UG 2026 एग्जाम की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू, 8 मार्च तक कर दें आवेदन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं