Lucknow Eco Park Students Protest: यूपी में हुई तमाम भर्ती परीक्षाओं और उनके रिजल्ट को लेकर कई अभ्यर्थी लखनऊ के इको गार्डन में जुट गए. यूपी के कुछ टीचर्स की तरफ से इस प्रोटेस्ट का कॉल दिया गया था, जिसके बाद हजारों की संख्या में छात्र और अभ्यर्थी लखनऊ पहुंच गए. इस प्रदर्शन का सबसे बड़ा चेहरा विवेक सर हैं, जिन्होंने कई दिन पहले कहा था कि 12 जून को लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा. हालांकि इस प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके भी पहुंच गए, जिसके बाद विवेक सर ने साफ किया कि उनका कॉकरोच जनता पार्टी से कोई संबंध नहीं है और ये प्रोटेस्ट छात्रों का है.
प्रदर्शन से पहले ही हिरासत में लिए गए विवेक सर
विवेक सर ने बताया कि उन्हें प्रदर्शन की एक रात पहले 11 जून को ही टूंडला रेलवे स्टेशन से उठा लिया गया था, जिसके बाद सुबह 11 बजे छोड़ दिया. इससे पहले इन्हीं टीचर्स की अगुवाई में 29 मई को भी मार्च निकाला गया था. प्रदर्शन को लीड कर रहे विवेक सर ने कहा कि सरकार को युवाओं की मांग को सुनना चाहिए, सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है कि वो बच्चों की बात सुनें.
अभिजीत दीपके पर भी दिया जवाब
कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके पर विवेक सर ने कहा कि लोग इस प्रदर्शन को कॉकरोच जनता पार्टी से बिल्कुल न जोड़ें. हमारा कॉकरोच जनता पार्टी से कोई मतलब नहीं है, हम अपने मुद्दे को नहीं भटकने देंगे. उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक पार्टी या फिर दूसरे लोगों से इस प्रदर्शन का कोई लेना-देना नहीं है. प्रदर्शन कर रहे टीचर्स ने कहा कि अगर कोई हमें समर्थन करना चाहता है तो हम उसका स्वागत करते हैं, लेकिन ये प्रदर्शन पूरी तरह से छात्रों का है.
क्या है अभ्यर्थियों की मुख्य मांगें?
लखनऊ में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने बताया कि वो यूपी में हो रही तमाम भर्तियों में सुधार को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. यूपी सब इंस्पेक्टर, यूपी लेखपाल परीक्षा को लेकर उठे सवालों की जांच, यूपी कांस्टेबल, यूपी होमगार्ड भर्ती, नॉर्मलाइजेशन डेटा, परीक्षा कैलेंडर जारी करने, परीक्षाओं में अनियमितता, रिजल्ट में देरी, शिकायत को लेकर अलग सेल बनाने जैसी मांगों को लेकर ये तमाम छात्र सड़कों पर उतरे हैं.
खाड़ी देशों में CBSE छात्रों को राहत की उम्मीद, 12वीं रिजल्ट पर सुप्रीम कोर्ट ने कही ये बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं