विज्ञापन

JAC Board Result: किराना दुकान चलाते हुए कृष्णा ने की 12वीं की पढ़ाई, अब बना कॉमर्स में सेकेंड टॉपर

झारखंड इंटर कॉमर्स रिजल्ट 2026 में राशन दुकान चलाने वाले के बेटे कृष्णा बरनवाल ने 472 अंक पाकर राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया है. दुकान की जिम्मेदारियां निभाते हुए मिली यह सफलता आज प्रदेश के हर मेहनतकश युवा के लिए बड़ी प्रेरणा है.

JAC Board Result: किराना दुकान चलाते हुए कृष्णा ने की 12वीं की पढ़ाई, अब बना कॉमर्स में सेकेंड टॉपर
झारखंड इंटर कॉमर्स रिजल्ट में कृष्णा बरनवाल ने टॉप किया है.

Jharkhand Academic Council: सफलता कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती और यह साबित कर दिखाया है झारखंड के कृष्णा बरनवाल ने. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणामों में कृष्णा ने कॉमर्स संकाय में पूरे राज्य में दूसरा स्थान (सेकेंड टॉपर) हासिल कर एक मिसाल पेश की है. उनकी यह उपलब्धि इसलिए बेमिसाल है क्योंकि उन्होंने अपनी पढ़ाई का बड़ा हिस्सा अपने पिता की छोटी सी राशन दुकान पर ग्राहकों को सामान देते हुए पूरा किया.

जिम्मेदारियों के बीच किताबों से दोस्ती

कृष्णा एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनके पिता एक छोटी सी किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. घर की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कृष्णा ने कभी अपनी पढ़ाई को बोझ नहीं बनने दिया. वे दिन भर दुकान की जिम्मेदारियों को संभालते थे और जैसे ही ग्राहकों से थोड़ा समय मिलता वे तुरंत अपनी किताबों में खो जाते थे. राशन की दुकान पर तराजू और बहीखाते के बीच हुई इस पढ़ाई ने आज उन्हें राज्य का गौरव बना दिया है.

472 अंक प्राप्त कर रचा इतिहास

इस साल के इंटरमीडिएट कॉमर्स रिजल्ट में कृष्णा ने 500 में से 472 अंक अर्जित किए हैं. अपनी सफलता पर बात करते हुए कृष्णा ने बताया कि उन्होंने कभी घंटों के हिसाब से नहीं बल्कि टाइम मैनेजमेंट के साथ पढ़ाई की. उनका कहना है कि इस मुकाम तक पहुंचने में उनके माता-पिता का अटूट सहयोग रहा है जिन्होंने दुकान पर हाथ बंटाने के साथ-साथ उन्हें पढ़ने के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया.

माता-पिता का बढ़ा मान

बेटे की इस शानदार सफलता पर पूरा परिवार बेहद भावुक और गौरवान्वित है. कृष्णा के पिता ने गर्व से कहा कि उन्हें अपने बेटे पर पूरा भरोसा था क्योंकि उसने दुकान की व्यस्तता के बावजूद कभी अपनी मेहनत में कमी नहीं आने दी. गौरतलब है कि इस साल कॉमर्स में स्वेता प्रसाद 478 अंकों के साथ पहले और प्रियंशी खत्री तीसरे स्थान पर रही हैं.

परीक्षा परिणाम

झारखंड बोर्ड के इस साल के परिणामों में आर्ट्स का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा जहां 96.14% छात्र सफल रहे. वहीं कॉमर्स में 93.37% और साइंस में 82.92% परीक्षार्थियों ने बाजी मारी है. कृष्णा की कहानी अब राज्य के हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है.

यह भी पढ़ें- धौलपुर में हैवानियत: युवक घर के बाहर करता रहा रखवाली, अंदर दोस्त ने किया युवती से दुष्कर्म

लेखक के बारे में
img
हरिबंश शर्मा
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand Intermediate Results 2026, Krishna Barnwal, Commerce Topper, Jharkhand Academic Council
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com