- IPS आर. निशांतिनी कोच्चि की पहली महिला पुलिस कमिश्नर हैं
- निशांतिनी ने इडुक्की में सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में अपने पुलिस करियर की शुरुआत की
- साइबर सुरक्षा, बच्चों की सुरक्षा और नशा विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है
IPS R Nishanthini: कोच्चि सिटी पुलिस कमिश्नर कलिराज महेश कुमार को चेरानल्लूर दुर्घटना मामले के बाद पद से हटाए जाने के बाद 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी आर. निशांतिनी को उनकी जगह नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही वह कोच्चि शहर की पहली महिला पुलिस कमिश्नर बन गई हैं. कानून-व्यवस्था, इंटेलिजेंस और पुलिस प्रशासन में लंबा अनुभव रखने वाली आईपीएस निशांतिनी अब केरल के सबसे महत्वपूर्ण शहरी पुलिस तंत्रों में से एक की कमान संभालेंगी.
निशांतिनी ने अपने करियर की शुरुआत इडुक्की में सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में की थी. यहां उन्होंने जमीनी स्तर पर कानून-व्यवस्था संभालने और पुलिस प्रशासन को नजदीक से समझने का अनुभव हासिल किया. बाद में उन्हें पुलिस विभाग की कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं. उन्होंने दक्षिण जोन की पुलिस महानिरीक्षक, इंटेलिजेंस विंग में आईजी तथा केरल पुलिस मुख्यालय में अहम पदों पर काम किया. इन जिम्मेदारियों ने उन्हें सुरक्षा चुनौतियों, खुफिया तंत्र और प्रशासनिक कामकाज की गहरी समझ दी.
साइबर सुरक्षा और नशा विरोधी अभियानों में निभाई अहम भूमिका
आर. निशांतिनी केवल पारंपरिक पुलिसिंग तक सीमित नहीं रहीं. उन्होंने साइबर सुरक्षा, बच्चों की सुरक्षा और नशा विरोधी जागरूकता अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है. हाल ही में वह ऑपरेशन तूफान की नोडल अधिकारी रहीं. इस अभियान के तहत केरल में नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष पुलिस कार्रवाई और समन्वित अभियान चलाए गए.
#BREAKING R. Nishanthini, IPS, will replace Kaliraj Mahesh Kumar as Kochi City Police Commissioner following the Cheranalloor accident case https://t.co/JFnqP6jIeH
— IANS (@ians_india) October 28, 2026
बच्चों के साथ संवाद पर देती हैं जोर
निशांतिनी का मानना है कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए माता-पिता की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. वह कई मौकों पर अभिभावकों को अपने बच्चों के साथ खुला संवाद बनाए रखने और उन्हें सही मार्गदर्शन देने की सलाह देती रही हैं. पुलिस सेवा में ऊंचा मुकाम हासिल करने वाली निशांतिनी अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा अपनी मां को मानती हैं. सीमित औपचारिक शिक्षा के बावजूद उनकी मां ने जिस तरह परिवार की जिम्मेदारियां निभाईं और बच्चों का पालन-पोषण किया, उसने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का हौसला दिया.
अब संभालेंगी कोच्चि शहर की सुरक्षा की कमान
फील्ड पुलिसिंग, इंटेलिजेंस और प्रशासन में समृद्ध अनुभव रखने वाली आर. निशांतिनी अब केरल के सबसे अहम शहरी केंद्रों में शामिल कोच्चि की पुलिस व्यवस्था की कमान संभालेंगी. उनकी नियुक्ति को राज्य पुलिस नेतृत्व में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के प्रतीक के रूप में भी देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें- IPS आदित्य मिश्रा के तबादले से भावुक हुआ बालाघाट, लोगों ने कहा- ऐसे SP फिर नहीं मिलेंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं