IIT दिल्ली में ऋषिकेश नाम के छात्र की मौत के बाद छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे थे, इसी बीच अब छात्रों की तरफ से बताया गया है कि जांच के लिए बनी कमेटी की रिपोर्ट आने तक वो अपना प्रदर्शन वापस ले रहे हैं. छात्रों की तरफ से एक प्रेस रिलीज जारी की गई है, जिसमें हर एक चीज के बारे में बताया गया है. छात्र पिछले कई दिनों से ऋषिकेश के परिवार के लिए एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग भी कर रहे थे, लेकिन अब बताया गया है कि मृतक छात्र की मां ने इसे ठुकरा दिया है और इसके बदले उन्होंने कुछ मांगें रखी हैं.
ऋषिकेश की मां ने रखी ये मांग
आईआईटी दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांक थी कि ऋषिकेश की मां को 1 करोड़ रुपये का उचित मुआवजा दिया जाए. इस पर प्रशासन की तरफ से रिलीफ फंड से 6 लाख रुपये, मेडिकल खर्च और एलुमनाई/कर्मचारियों से फंड जुटाने का प्रस्ताव रखा गया. हालांकि ऋषिकेश की मां ने किसी भी तरह का आर्थिक मुआवजा लेने से मना कर दिया है. इसके बजाय उन्होंने मांग की है कि कैंपस में मेंटल हेल्थ से जूझ रहे छात्रों के लिए अलग रहने की जगह की व्यवस्था हो, ताकि ऋषिकेश की तरह किसी छात्र को बेदखल न किया जाए. प्रशासन इसके लिए सहमत हुआ है.
आरोपों पर दिया जवाब
IIT दिल्ली के छात्रों ने उन पर लग रहे आरोपों का भी जवाब दिया है. प्रेस रिलीज में उन्होंने लिखा है, "हम पिछले एक हफ्ते से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन हमारा प्रदर्शन बहुत ही संतुलित और अनुशासित रहा है. हम IIT डायरेक्टर के ईमेल में किए गए दावों और कुछ प्रोफेसरों के फैलाए गए आरोपों का पूरी तरह से खंडन करते हैं. कैंपस में जान गंवाने वाले छात्रों के लिए न्याय मांग रहे विद्यार्थियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की धमकी देने की हम कड़ी निंदा करते हैं."
इसके अलावा छात्रों ने प्रदर्शन के दौरान खुद के लिए बनाए गए नियमों की जानकारी भी दी है. इसमें प्रदर्शनकारियों ने कैंपस हॉस्पिटल और स्वास्थ्य केंद्रों के पास नारेबाजी से परहेज किया, ताकि मरीजों के इलाज, इमरजेंसी सेवाओं और रिकवरी में कोई बाधा न आए. साथ ही प्रदर्शन सिर्फ मुख्य रास्तों तक ही सीमित रहा, इमरजेंसी वाहनों की आवाजाही को बाधित नहीं किया गया. प्रदर्शनकारी हॉस्टलों के अंदर नहीं गए और गर्ल्स हॉस्टल को भी इससे दूर रखा गया.
ये भी पढ़ें - NEET PG में कितनी जाती है कट-ऑफ? जानें सरकारी सीट मिलना कितना आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं