हैदराबाद में एक स्कूल में कक्षा 2 के छात्र को जबरन कलमा पढ़वाने का दावा किया गया है. आरोप है कि स्कूल मैनेजमेंट की तरफ से छात्र को जबरन ऐसा करने के लिए कहा गया. इसके बाद दो साल के बच्चे के पेरेंट्स ने स्कूल में जाकर जब सवाल किया कि आप कैसे कलमा पढ़ने के लिए दबाव बना सकते हैं तो स्कूल की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया. इसके बाद पुलिस में मामले की शिकायत की गई. इस मामले में अब पेरेंट्स ने शिक्षा विभाग से जांच कराने की मांग की है और राजनीति भी शुरू हो चुकी है. हालांकि स्कूल ने आरोपी टीचर को नौकरी से निकाल दिया है.
स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग
स्कूली बच्चों को जबरन कलमा पढ़ाने के आरोपों के बीच अब पेरेंट्स के साथ-साथ कुछ हिंदू संगठनों ने भी जांच की मांग की है, उनका कहना है कि ऐसे स्कूलों की स्कैनिंग की जाए और आरोप सही पाए जाने पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो. साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए कोई सख्त कानून बनाया जाए. बीजेपी नेताओं ने इस मामले को लेकर असदुद्दीन ओवैसी को भी घेरा है, क्योंकि ये मामला उन्हीं के क्षेत्र का है.
पुलिस ने बताया पूरा सच?
इस पूरे मामले को लेकर सैदाबाद एसएचओ ने बताया कि जिस क्लासरूम को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उसमें कुल 25 छात्र हैं. इन सभी छात्रों में सिर्फ एक बच्चा हिंदू है. पुलिस ने जब स्कूल से पूछताछ की तो टीचर ने उन्हें बताया कि डायरी में होमवर्क की एंट्री अनजाने में हिंदू छात्र की डायरी में लिख दी गई थी. पेरेंट्स ने एक शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस आगे की कार्रवाई का फैसला करने से पहले कानूनी राय लेगी.
स्कूल ने टीचर को निकाला
सक्सेस, द स्कूल (सैदाबाद) ने इस मामले को लेकर टीचर शेख आयशा परवीन को नौकरी से निकाल दिया है. इसे लेकर एक लेटर जारी किया गया है, जिसमें लिखा है- "इसके साथ ही आपको सूचित किया जाता है कि आपको भविष्य में सक्सेस ग्रुप ऑफ एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस में रोजगार के लिए आवेदन करने से स्थायी रूप से अयोग्य कर दिया गया है."
राजनीति हुई शुरू
इस मामले में राजनीति भी शुरू हो चुकी है. विधायक टी राजा ने आरोप लगाया है कि जानबूझकर ऐसा किया जा रहा है. इस मामले को लेकर उन्होंने ओवैसी को घेरा और उनकी चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए. उनका कहना है कि ऐसे स्कूलों की मान्यता को रद्द किया जाना चाहिए.
ये भी पढ़ें - तय सीमा से ज्यादा एडमिशन नहीं होंगे मान्य, NEET रिजल्ट से पहले NMC का सख्त निर्देश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं