DUSU Election 2026 : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 18 सितंबर को होने वाले हैं. इसको लेकर कैंपस में गहमा-गहमी तेज हो चुकी है. विभिन्न छात्र संगठन अपने-अपने उम्मीदवारों और मुद्दों के साथ मैदान में उतर चुके हैं. इन सब के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार यश दबास की चर्चा खूब हो रही है. तो चलिए जानते हैं यश दबास की प्रोफाइल और उनके चुनावी मुद्दे क्या हैं...
कौन हैं यश दबास
यश दबास दिल्ली विश्वविद्यालय में बौद्ध स्टडीज (Buddhist Studies) में एमए कर रहे हैं. उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से की है, जबकि बाद में कैंपस लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई भी पूरी की.
अध्यक्ष पद के हैं उम्मीदवर
बता दें कि छात्र राजनीति में सक्रिय दबास इस बार एबीवीपी की ओर से सबसे महत्वपूर्ण पद, अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं.
छात्र सुरक्षा है मुख्य मुद्दा
बता दें कि हाल ही में सत्य निकेतन में हुई दर्दनाक पीजी दुर्घटना के बाद छात्र सुरक्षा का मुद्दा विश्वविद्यालय में प्रमुख बहस का मुद्दा बन गया है. इसी मुद्दे पर बोलते हुए यश दबास ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए यूनिवर्सिटी के आसपास मौजूद सभी पीजी और हॉस्टलों का सुरक्षा ऑडिट कराने की दिशा में काम किया जाएगा.
उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) और सेंट स्टीफंस कॉलेज में छात्रों को हॉस्टल सुविधाएं मुहैया हैं, उसी तरह डीयू के ज्यादा से ज्यादा छात्रों तक हॉस्टल सुविधा पहुंचाने की कोशिश की जाएगी.
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
बता दें कि उम्मीदवारों की फाइनल प्रोविजनल लिस्ट जारी होने के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर यश दबास की एक कथित मार्कशीट भी वायरल होने लगी. कई पोस्ट में उनके एकेडेमिक रिकॉर्ड पर सवाल उठाए गए और छात्रों से सोच-समझकर वोट देने की अपील भी की गई. हालांकि, वायरल हुई मार्कशीट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हो सकी है.
एबीवीपी के अन्य पदों के कौन हैं उम्मीदवार
एबीवीपी ने उपाध्यक्ष पद के लिए यश मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्य राज सिंह को उम्मीदवार बनाया है.
यह भी पढ़ें- DU छात्र संघ चुनाव 2026: मैदान तैयार, कौन उम्मीदवार, क्या रहेंगे मुद्दे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं