दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में साझा सीट आवंटन प्रणाली (सीएसएएस) की पहली आवंटन सूची के तहत 79,000 से अधिक छात्रों ने उन्हें आवंटित की गई स्नातक (यूजी) सीट स्वीकार कर ली हैं. सीट पाने वाले छात्रों के पास आवंटन स्वीकार करने के लिए शनिवार रात 11:59 बजे तक का समय था. जो कि अब पूरा हो चुका है. डीयू की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम छह बजे तक 79,404 छात्रों ने अपनी आवंटित सीट स्वीकार की ली थीं. इनमें से 26,061 छात्रों के आवेदन भुगतान के चरण में पहुंच चुके थे, जबकि 10,746 उम्मीदवार शुल्क का भुगतान करके दाखिला प्रक्रिया पूरी कर चुके थे.
डीयू के कुल 67 कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है. कुल 221 स्नातक कोर्स में दाखिले होंगे. पहली आवंटन सूची गुरुवार को जारी की गई थी. 71,000 से अधिक सीटों के मुकाबले 93,033 छात्रों को सीटें आवंटित की गई थीं. कुल 2,18,284 छात्रों ने सीएसएएस पोर्टल पर अपना पंजीकरण किया था.
कब होंगे ‘खेल' कोटे के तहत दाखिले
डीयू ने ‘खेल' कोटे के तहत दाखिले के लिए खेलों के ट्रायल की तारीख भी घोषित कर दी हैं. ये खेल ट्रायल 29 जुलाई से शुरू होगा, जो कि 3 अगस्त तक चलेगा. खेल ट्रायल दिल्ली की अलग-अलग जगहों पर होंगे. ट्रायल की शुरुआत 29 जुलाई को तीरंदाजी, महिला बैडमिंटन, महिला बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, पुरुष क्रिकेट, महिला फुटबॉल, हॉकी, स्क्वैश, टेबल टेनिस और वेटलिफ्टिंग के साथ होगी.
28 जुलाई से शुरू होगा सत्र
सीट स्वीकार करनी की प्रक्रिया पूरी हो गई है, लेकिन कॉलेज आवेदनों का सत्यापन जारी रखेंगे, जिसके बाद उम्मीदवार शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी करेंगे. विश्वविद्यालय ने उन छात्रों को 'अपग्रेड' का विकल्प चुनने की सलाह दी है जो आगामी दौर में उच्च प्राथमिकता वाली सीट पाना चाहते हैं. दूसरी आवंटन सूची 25 जुलाई को जारी होने वाली है. नया शैक्षणिक सत्र 28 जुलाई से शुरू होने जा रहा है.
ये भी पढ़ें-BPSC 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा टली, नई तारीख का जल्द होगा एलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं