दिल्ली यूनिवर्सिटी ने नेशनल एजुकेशन पॉलिसी (NEP) 2020 के तहत एक साल के मास्टर प्रोग्राम के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं. डीयू के एक साल के मास्टर प्रोग्राम के लिए केवल वही छात्र आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के चार साल का अंडरग्रेजुएट करिकुलम फ्रेमवर्क (UGCF) 2022 पूरा किया होगा. छात्रों को यूनिवर्सिटी के पोस्टग्रेजुएट एडमिशन पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा. आवेदन प्रक्रिया 5 जुलाई से शुरू हुई है, जो कि 11 जुलाई 2026 तक चलने वाली है. इस नए एक साल के प्रोग्राम का मकसद योग्य छात्रों को आसानी से पोस्टग्रेजुएट डिग्री देना है. पारंपरिक दो साल के बजाय सिर्फ एक साल में छात्र अपनी मास्टर डिग्री पूरी कर सकते हैं. इस प्रोग्राम की शुरुआत दिल्ली यूनिवर्सिटी द्वारा नेशनल एजुकेशन पॉलिसी (NEP) 2020 को लागू करने की दिशा में एक अहम कदम है, जो फ्लेक्सिबल एकेडमिक रास्ते और हायर एजुकेशन में तेजी से आगे बढ़ने को बढ़ावा देती है.
'प्लांट मॉलिक्यूलर बायोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी' में भी दाखिले शुरू
एक साल के मास्टर प्रोग्राम के अलावा, दिल्ली यूनिवर्सिटी ने 'प्लांट मॉलिक्यूलर बायोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी' में अपने दो साल के M.Sc. प्रोग्राम के लिए भी एडमिशन शुरू कर दिए हैं. जो कैंडिडेट्स GAT-B 2026 परीक्षा पास कर चुके हैं, वे इस प्रोग्राम के लिए अप्लाई कर सकते हैं.
अंडरग्रेजुएट एडमिशन के लिए मिले 1,48,407 एप्लीकेशन
दूसरी तरफ यूनिवर्सिटी के अंडरग्रेजुएट और प्रोफेशनल प्रोग्राम के लिए भी एडमिशन प्रोसेस चला रहा है. अंडरग्रेजुएट एडमिशन 'कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम' (CSAS) के तहत हो रहे हैं. जानकारी के अनुसार यूनिवर्सिटी को 1,48,407 एप्लीकेशन मिले हैं, जबकि 62,524 कैंडिडेट्स ने अपने प्रोग्राम और कॉलेज की पसंद (प्रेफरेंस) सबमिट करके दूसरा चरण (Phase II) पूरा कर लिया है. दूसरे चरण में पसंद सबमिट करने की आखिरी तारीख 11 जुलाई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं