दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन का सपना देखने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. डीयू ने अपने दो कॉलेजों को बना CUET स्कोर के एडमिशन देने की इजाजत दे दी है. ये फैसला इस साल अंडर ग्रेजुएट प्रोग्राम में खाली बच गई सीटों को भरने के लिए लिया गया है. इन सीटों के लिए 'मेरिट-बेस्ड फिजिकल मोड' से एडमिशन दिए जाएंगे. अगर आपने अब तक एडमिशन नहीं लिया है तो आप तुरंत इसके लिए आवेदन कर सकते हैं, क्योंकि कुछ ही सीटों के लिए ये स्पेशल छूट दी गई है.
इन दो कॉलेजों में मिलेगा एडमिशन
दिल्ली यूनिवर्सिटी की कोशिश है कि नया सत्र शुरू होने से पहले कोई भी सीट खाली न रहे. इसीलिए अदिति महाविद्यालय और भगिनी निवेदिता कॉलेज को ये मंजूरी दी गई है कि वो मेरिट के आधार पर एडमिशन दे सकते हैं.
एडमिशन कैसे मिलेगा?
एडमिशन लेने के लिए छात्रों को फिजिकल मोड में उपस्थित होकर अपने दस्तावेज दिखाने होंगे. 12वीं के नंबरों के आधार पर कॉलेज में बची हुई सीटों पर एडमिशन दे दिया जाएगा. इसके अलावा जिन छात्रों ने CUET UG परीक्षा दी थी और डीयू के कॉमन सीट अलोकेशन सिस्टम (CSAS) में रजिस्ट्रेशन करवाया था, लेकिन अब तक उन्हें सीट नहीं मिली, वो भी इन कॉलेजों में एडमिशन ले सकते हैं. हालांकि इस दौरान पूरी तरह पारदर्शिता बरतने और मेरिट लिस्ट सार्वजनिक करने के लिए कहा गया है.
हर साल खाली रह जाती हैं कुछ सीटें
दिल्ली यूनिवर्सिटी के बड़े कॉलेजों में एडमिशन की मारामारी होती है, लेकिन छोटे कॉलेजों में अक्सर कई सीटें खाली रह जाती हैं. कई राउंड के CSAS सीट अलॉटमेंट प्रोसेस के बावजूद भी इन सीटों पर एडमिशन नहीं हो पाते हैं. ऐसे में उन छात्रों को मौका दिया जाता है, जिन्हें किसी कारण के चलते एडमिशन नहीं मिल पाता है.
ये भी पढ़ें - एंटी पेपर लीक बिल में नकल करने वाले छात्रों के लिए कितनी सजा? जरूर जान लीजिए ये बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं