DU UG Admission 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी में साल 2026-27 सत्र के लिए ग्रेजुएशन (UG) एडमिशन के लिए 1.9 लाख से ज्यादा छात्रों ने आवेदन किया है. अधिकारियों की तरफ से बताया गया है कि इनमें से 1.64 लाख से ज्यादा छात्र अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स चुनने की प्रक्रिया भी पूरी कर चुके हैं. यूनिवर्सिटी के मुताबिक, 'कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम' (CSAS) पोर्टल के जरिए कुल 1,90,645 उम्मीदवारों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है. इसके बाद अब अलॉटमेंट लिस्ट जारी होने का इंतजार है, जो 16 जुलाई को जारी की जाएगी.
वन टाइम करेक्शन विंडो भी खुली
पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने आगे बताया कि 1,64,098 उम्मीदवारों ने एडमिशन का दूसरा चरण भी पूरा कर लिया है, जिसमें उन्हें अपने पसंदीदा कोर्स और कॉलेज चुनने होते हैं. इस प्रक्रिया को पूरा करने की आखिरी तारीख शनिवार, 11 जुलाई की रात 11:59 बजे तक है. इसके अलावा यूनिवर्सिटी ने एक बार की 'करेक्शन विंडो' भी खोली है. इससे छात्र CSAS पोर्टल पर पहले से भरी गई जानकारियों में हुई गलतियों को सुधार सकते हैं.
71 हजार से ज्यादा सीटें
इस बार 69 कॉलेजों और विभागों में 73 ग्रेजुएशन कोर्स के लिए एडमिशन हो रहे हैं, जिनमें कुल 71,624 सीटें हैं. इसमें BA प्रोग्राम के लगभग 150 कॉम्बिनेशन शामिल हैं और सीटों की पूरी जानकारी वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है. अधिकारियों ने कहा है कि छात्र आखिरी तारीख से पहले अपनी पसंद को अच्छी तरह जांच लें, क्योंकि इसके बाद उनकी चुनी हुई चॉइस अपने आप लॉक हो जाएंगी. स्पोर्ट्स और एक्स्ट्रा-करिकुलर एक्टिविटीज (ECA) जैसी खास कैटेगरी के तहत होने वाले एडमिशन भी छात्रों की पसंद के आधार पर ही किए जाएंगे.
आगे का प्रोसेस क्या है?
एडमिशन की पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट 16 जुलाई को जारी की जाएगी. सीट मिलने और एडमिशन फीस चुकाने के बाद, छात्र या तो अपनी सीट को फ्रीज कर सकते हैं या अगले राउंड में बेहतर कॉलेज/कोर्स के लिए अपग्रेड का विकल्प चुन सकते हैं. अपग्रेड चुनने वाले छात्रों को अगले राउंड से पहले अपनी ऊपर की प्राथमिकताओं को दोबारा बदलने का मौका मिलेगा.
फीस ऐसे होगी एडजस्ट
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने इस बार फीस जमा करने के लिए एक 'वर्चुअल वॉलेट'सिस्टम शुरू किया है. अगर किसी छात्र को पहले राउंड में फीस भरने के बाद दूसरे राउंड में कोई नया कोर्स या कॉलेज मिलता है, तो उसकी फीस अपने आप एडजस्ट हो जाएगी. छात्रों को बार-बार फीस भरने और रिफंड का इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. ये लाखों छात्रों के लिए राहत भरा फैसला है. बताया गया है कि 28 जुलाई से पहले एडमिशन के दो राउंड पूरा करने का टारगेट रखा गया है.
पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए तीसरी लिस्ट जारी
यूनिवर्सिटी ने बताया कि दो साल के पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) कोर्सेज के लिए तीसरी अलॉटमेंट लिस्ट 10 जुलाई को जारी कर दी गई है. इसमें कुल 1,765 नए अलॉटमेंट हुए हैं और 5,848 उम्मीदवारों ने अपनी सीटें फाइनल कर ली हैं. न्यू एजुकेशन पॉलिसी (NEP 2020) के तहत 4 साल का ग्रेजुएशन पूरा करने वाले छात्रों के लिए शुरू किए गए 1 साल के PG कोर्स के लिए 8,823 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है.
ये भी पढ़ें - AISHE Report: देश की सिर्फ 55% यूनिवर्सिटीज ही NIRF रैंकिंग में शामिल, 56% ने शुरू किए चार वर्षीय UG कोर्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं