दिल्ली यूनिवर्सिटी के तमाम कॉलेजों में एडमिशन की रेस चल रही है, छात्र अपने CUET स्कोर के आधार पर एडमिशन के लिए आवेदन कर रहे हैं. इसी बीच कुछ ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई से फर्जी डॉक्यूमेंट तैयार किए जा रहे हैं. ऐसे उम्मीदवारों के लिए अब दिल्ली यूनिवर्सिटी की तरफ से नोटिस जारी किया गया है. दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने एक नोटिस जारी कर उम्मीदवारों को यूजी (UG) और पीजी (PG) एडमिशन प्रोसेस के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार, डिजिटली बदले गए या बहुत ज्यादा एडिट किए गए दस्तावेज (डॉक्यूमेंट्स) जमा न करने की चेतावनी दी है.
एआई से एडिट कर दे रहे डॉक्यूमेंट
डीयू की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि एडमिशन ब्रांच के संज्ञान में यह बात आई है कि "तमाम स्नातक (UG) और पोस्ट ग्रेजुएट (PG) कोर्सेस के लिए आवेदन करने वाले कई उम्मीदवार AI से तैयार, डिजिटली फेरबदल किए गए या heavily एडिटेड डॉक्यूमेंट्स अपलोड कर रहे हैं." ऐसा काम करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए यूनिवर्सिटी ने कहा है कि इस तरह की हरकतें एडमिशन प्रक्रिया की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाती हैं, ऐसे में अगर कोई ये हरकत करते पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा सकता है.
डॉक्यूमेंट्स का होगा वेरिफिकेशन
यूनिवर्सिटी ने उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि सभी सर्टिफिकेट, मार्कशीट और पहचान पत्र बिना किसी डिजिटल बदलाव या एडिटिंग के, ओरिजिनल दस्तावेजों की ही स्कैन की गई कॉपियां होनी चाहिए. इसके साथ ही DU ने जोड़ा कि छेड़छाड़ किए गए मीडिया या डॉक्यूमेंट्स की पहचान करने के लिए यूनिवर्सिटी वेरिफिकेशन टूल्स का इस्तेमाल करेगी.
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि इन नियमों का पालन न करने पर उम्मीदवार का आवेदन तुरंत रद्द कर दिया जाएगा. इसमें कहा गया कि अगर कोई उम्मीदवार एडमिशन प्रक्रिया के किसी भी चरण में फर्जी या AI से बदले गए मीडिया का उपयोग करता पाया जाता है, तो बिना किसी पूर्व सूचना के उसका रजिस्ट्रेशन या एडमिशन रद्द कर दिया जाएगा. इसके अलावा कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है. ऐसे उम्मीदवारों की फीस भी रिफंड नहीं की जाएगी.
ये भी पढ़ें - NEET की OMR शीट और स्कोरकार्ड के नंबरों में है अंतर? चैलेंज करने से पहले चेक कर लें ये चीजें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं