कॉमर्स स्ट्रीम के बच्चों के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) एक बेहतरीन करियर का विकल्प माना जाता है. ये करियर अच्छी सैलरी के साथ तेजी से ग्रोथ भी देता है. भारत में CA की मांग लगभग हर कंपनी में होती है. निजी कंपनियों से लेकर सरकारी संस्थानों में CA की हमेशा मांग रहती है. यानी ये एक ऐसी जॉब है जिसकी डिमांड हमेशा बनी रहती है. अगर आपने 12वीं क्लास में पढ़ाई कॉमर्स स्ट्रीम से की है, तो Chartered Accountant बनने पर विचार कर सकते हैं.
Chartered Accountant का काम क्या होता है
किसी भी बड़े संगठन के लिए CA बेहद ही जरूरी होता है. चार्टर्ड अकाउंटेंट का काम कंपनी के फाइनेंशियल रिकॉर्ड, टैक्स प्लानिंग, ऑडिट, अकाउंटिंग, बजट, फाइनेंस से जुड़ी सलाह देना होता है.
कैसे बन सकते हैं CA?
CA करना जितना आसान लगता है, उतना होता नहीं हैं. वहीं एक बार जब आप CA का फाइनल एग्जाम पास कर लेते हैं, तो आपका पैकेज आसानी से 50 लाख तक पहुंच जाता है. भारत में CA का कोर्स इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) करवाता है. 12वीं पास करने के बाद CA फाउंडेशन का एग्जाम पास करना होता है. इसे पास करने के बाद इंटरमीडिएट परीक्षा, आर्टिकलशिप ट्रेनिंग और CA फाइनल एग्जाम देना होता है.
कितना लगता है समय
अगर आप 12वीं पास करने के बाद सीधा CA का कोर्स करते हैं, तो 4 से 4.5 साल तक का समय CA करने में लगता है. वहीं ग्रेजुएशन के बाद CA करने में 3 से 3.5 साल का समय लगता है. दरअसल ग्रेजुएशन के बाद CA फाउंडेशन करने की जरूरत नहीं होती है, आप सीधा इंटरमीडिएट में प्रेवश लेकर आर्टिकलशिप ट्रेनिंग और CA फाइनल कर सकते हैं.
CA बनने के बाद कहां करें अप्लाई-
CA का कोर्स करने के बाद आप नीचे बताई गई जगहों पर आसानी से नौकरी पा सकते हैं.
- ऑडिट और एश्योरेंस
- टैक्स कंसल्टिंग
- इन्वेस्टमेंट बैंकिंग
- फाइनेंशियल प्लानिंग
- कॉर्पोरेट फाइनेंस
- बैंकिंग और इंश्योरेंस
- सरकारी संस्थान
कितनी मिलती है सैलरी?
फ्रेशर को 5 लाख से 15 लाख सालाना पैकेज मिलता है. वहीं 5 से 8 साल का अनुभव होने पर पैकेज 35 लाख तक पहुंच जाता है. वहीं 15 साल के अनुभव के साथ ये पैकेज 1 करोड़ तक पहुंच जाता है.
अपनी CA फर्म शुरू कर सकते हैं
अच्छा अनुभव होने के बाद आप खुद की CA फर्म भी शुरू कर सकते हैं. CA फर्म के जरिए आप टैक्स कंसल्टेंसी, ऑडिट, जीएसटी, अकाउंटिंग, फाइनेंशियल एडवाइजरी जैसी सेवाएं दे सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं