देश के स्कूलों की हालत और शिक्षा की बदलती तस्वीर को लेकर एक सरकारी रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि देश के स्कूलों की पढ़ाई-लिखाई में लगातार सुधार हो रहा है, लेकिन 'नई शिक्षा नीति 2020' के लक्ष्यों को पूरी तरह हासिल करना अभी बाकी है. शिक्षा मंत्रालय की नई रिपोर्ट PGI 2.0 में इस बार चंडीगढ़ ने बाजी मारी है, वहीं कोई भी राज्य या केंद्रशासित प्रदेश सबसे ऊपर की तीन ग्रेड्स में जगह नहीं बना पाया. ऐसे में सवाल है कि आखिर चंडीगढ़ ने एजुकेशन सेक्टर में ऐसा क्या किया, जो बाकी राज्य नहीं कर पाए.
कौन सा राज्य किस नंबर पर रहा?
इस रिपोर्ट में चंडीगढ़ पूरे देश में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला केंद्रशासित प्रदेश रहा. ये 'उत्तम-3' ग्रेड पाने वाला देश का अकेला इलाका बना, इसके अलावा किसी भी राज्य ने ये उपलब्धि हासिल नहीं की. इसका कारण ये था कि चंडीगढ़ में पढ़ाई की क्वालिटी और स्कूल के कामकाज बहुत अच्छे रहे. यहां के स्कूल हर तरह की कसौटी पर खरे उतरे, जिसके बाद PGI 2.0 में उसे सबसे ऊपर की रैंक दी गई.
- इस रैंकिंग में दूसरे नंबर पर दिल्ली, केरल, पंजाब, और दादरा एवं नगर हवेली और दमन एंड दीव हैं.
- तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र, ओडिशा, गोवा, हिमाचल प्रदेश और लक्षद्वीप हैं.
- बाकी बचे 13 राज्यों को 'प्रचेष्टा-3' और अन्य 13 को 'आकांक्षी-1' यानी शुरुआती सुधार वाले ग्रुप में रखा गया है
रिपोर्ट में निकले ये जरूरी आंकड़े
- भारतीय शिक्षा व्यवस्था दुनिया की सबसे बड़ी प्रणालियों में से एक है.
- भारत में कुल स्कूलों की संख्या 14.67 लाख से अधिक है.
- कुल टीचर्स की संख्या 1.03 करोड़ से ज्यादा पहुंच चुकी है, जो नया रिकॉर्ड है.
- भारत में कुल छात्रों की संख्या करीब 24.72 करोड़ तक है.
किस आधार पर तय होती है रैंकिंग
इस रिपोर्ट में कुल 1000 प्वाइंट्स होते हैं और स्कूलों को 70 अलग-अलग बातों को परखा जाता है, जिनमें -
- बच्चे कितना और कैसा सीख रहे हैं?
- क्या सभी बच्चों को स्कूल में दाखिला मिल पा रहा है?
- स्कूलों में बिजली, पानी, शौचालय और कमरे जैसी सुविधाएं कैसी हैं?
- क्या अमीर-गरीब और हर वर्ग के बच्चों को बराबर मौके मिल रहे हैं?
- सरकारी कामकाज और शिक्षकों की ट्रेनिंग कैसी हो रही है?
जिलों के लिए भी बनी अलग रिपोर्ट
जमीनी स्तर पर जिलों में कैसा काम चल रहा है, इसे देखने के लिए भी एक सिस्टम बनाया गया है. इसमें 600 अंकों के आधार पर जांच होती है. इसमें देखा जाता है कि क्लास में पढ़ाई कैसी हो रही है, स्कूल सुरक्षित हैं या नहीं, डिजिटल पढ़ाई हो रही है या नहीं, और पैसों का सही इस्तेमाल हो रहा है या नहीं.
ये भी पढ़ें - भारत में डॉक्टरी का लाइसेंस लेने वाली परीक्षा FMGE इतनी मुश्किल क्यों? 88% उम्मीदवार फेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं