CBSE Website Glitch: CBSE 12वीं क्लास के रिजल्ट के बाद शुरू हुई पोस्ट रिजल्ट प्रक्रिया में छात्रों को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. जैसे ही स्कैन कॉपी डाउनलोड करने की विंडो खुली, लाखों छात्र एक साथ वेबसाइट पर पहुंच गए. भारी ट्रैफिक की वजह से वेबसाइट धीमी पड़ गई और कई छात्रों को लॉगिन व आवेदन करने में परेशानी हुई. छात्रों और पैरेंट्स ने सोशल मीडिया पर भी वेबसाइट डाउन होने की शिकायत की है. कई छात्रों ने बताया कि वे घंटों कोशिश करते रहे, लेकिन आवेदन पूरा नहीं हो सका. इसके बाद CBSE ने सर्कुलर जारी कर स्थिति साफ की है.
जल्द होगा समस्या का समाधान!
बढ़ती शिकायतों के बीच CBSE ने एक ऑफिशियल सर्कुलर जारी कर स्थिति साफ की है. बोर्ड ने बताया कि 12वीं क्लास की आंसर शीट्स की स्कैन कॉपी के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया फिलहाल तकनीकी दिक्कतों का सामना कर रही है. CBSE के अनुसार, एक्सपर्ट्स की टीम इस समस्या को ठीक करने में लगी हुई है और वेबसाइट को दोपहर 2 बजे तक दोबारा शुरू करने की कोशिश की जा रही है. बोर्ड ने छात्रों और पैरेंट्स से धैर्य बनाए रखने और सहयोग करने की अपील भी की है.
इन छात्रों को दी जाएगी प्राथमिकता
CBSE ने अपने नोटिस में कहा कि ऐसे छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्हें अपने मार्क्स या इवैल्यूएशन को लेकर शिकायत है और जो री-इवैल्यूएशन या री-चेकिंग के लिए स्कैन कॉपी लेना चाहते हैं. बोर्ड ने ऐसे छात्रों से कहा है कि वेबसाइट दोबारा शुरू होते ही वे पहले आवेदन करें ताकि उनकी शिकायतों का समय पर समाधान किया जा सके.
ऐसे छात्र थोड़ा इंतजार करें
CBSE ने यह भी साफ किया कि कई छात्र केवल रिकॉर्ड या आर्काइव में रखने के मकसद से अपनी आंसर शीट्स की स्कैन कॉपी डाउनलोड करना चाहते हैं. ऐसे छात्रों से बोर्ड ने फिलहाल इंतजार करने की अपील की है. बोर्ड के मुताबिक, री-इवैल्यूएशन की मौजूदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन छात्रों को भी स्कैन कॉपी डाउनलोड करने का मौका दिया जाएगा.
पोस्ट रिजल्ट प्रक्रिया में क्या है आगे?
CBSE की पोस्ट रिजल्ट प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होती है. पहले छात्र स्कैन कॉपी प्राप्त कर सकते हैं, इसके बाद नंबरों की वेरिफिकेशन और फिर री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन का ऑप्शन मिलता है. ऐसे में बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे केवल जरूरत होने पर ही आवेदन करें, ताकि वेबसाइट पर गैर-जरूरी दबाव कम हो सके और सभी छात्रों को समय पर सुविधा मिल सके.
CBSE Re-Evaluation: स्कैन कॉपी से लेकर कॉपी री-चेकिंग तक, क्या है आखिरी तारीख और कितनी लगेगी फीस?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं