App Development course : आज के समय में मोबाइल ऐप्स हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गए हैं. खाना मंगवाना हो, पैसे ट्रांसफर करने हों या टैक्सी बुक करनी हो, अब ज्यादातर काम ऐप के जरिए ही हो जाते हैं. इसी वजह से ऐप डेवलपमेंट का क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है और युवाओं के लिए एक अच्छा करियर ऑप्शन बनता जा रहा है. भारत में इंटरनेट यूजर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे ऐप बनाने और चलाने वाले लोगों की जरूरत भी बढ़ती जा रही है. ऐसे में अगर आप 12वीं के बाद कोई नया और आसान रास्ता ढूंढ रहे हैं, तो ये फील्ड आपके लिए सही साबित हो सकता है.
ऐप डेवलपमेंट कोर्स क्या है
ऐप डेवलपमेंट कोर्स में मोबाइल के लिए ऐप बनाना सिखाया जाता है. इसमें एंड्रॉयड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर काम करने का तरीका समझाया जाता है. कोर्स के दौरान बेसिक से लेकर एडवांस तक की जानकारी दी जाती है, ताकि आप खुद से ऐप तैयार कर सकें.
इस कोर्स में क्या सिखाया जाता है
इस कोर्स में सी, सी प्लस प्लस, ऑब्जेक्टिव सी और एचटीएमएल जैसी प्रोग्रामिंग लैंग्वेज सिखाई जाती हैं. इसके साथ ही एंड्रॉयड और आईओएस सिस्टम की बेसिक जानकारी भी दी जाती है. कई जगह 2 से 3 महीने के शॉर्ट कोर्स कराए जाते हैं, जिनमें प्रैक्टिकल तरीके से ऐप बनाना सिखाया जाता है.
फ्री में सीखने का मौका
Indian Institute of Technology Madras ने Hasura के साथ मिलकर इंट्रोडक्शन टू मॉडर्न एप्लीकेशन डेवलपमेंट' नाम से एक फ्री ऑनलाइन कोर्स शुरू किया है. ये करीब 5 हफ्ते का कोर्स है, जिसमें ऐप और इंटरनेट से जुड़ी जरूरी बातें सिखाई जाती हैं. इसे आप घर बैठे आसानी से कर सकते हैं, लेकिन इसमें शामिल होने के लिए थोड़ी बेसिक प्रोग्रामिंग की समझ होना जरूरी है.
करियर के अवसर
ऐप डेवलपमेंट सीखने के बाद आपके पास कई ऑप्शंस होते हैं. आप ऐप डेवलपर बनने के साथ-साथ यूआई डिजाइनर, यूएक्स एक्सपर्ट, ऐप टेस्टर या कंसल्टेंट के रूप में भी काम कर सकते हैं. भारत के अलावा विदेशों में भी इस फील्ड की काफी मांग है. इसके अलावा आप फ्रीलांस काम या खुद का स्टार्टअप भी शुरू कर सकते हैं.
सैलरी और ग्रोथ
इस फील्ड में शुरुआत में करीब 40,000 से 50,000 रुपए महीने तक सैलरी मिल सकती है. जैसे-जैसे अनुभव बढ़ता है, कमाई भी बढ़ती जाती है. वहीं विदेशों में काम करने वालों को 2 से 3 लाख रुपए महीने तक मिल सकते हैं. आने वाले समय में ये फील्ड और भी ज्यादा बढ़ने वाला माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- बदल गई पढ़ाई की परिभाषा, अब कॉलेज जाने की टेंशन खत्म, 2030 तक भारत बनेगा ऑनलाइन Education Hub
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं