भारतीय क्रिकेट टीम के तीन धुरंधर-सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर 26 दिसम्बर से अपना आखिरी टेस्ट मैच खेलेंगे। इस 'त्रिदेव' को अंतिम बार ऑस्ट्रेलियाई धरती और मेलबर्न में विदाई देने के लिए 75 हजार लोगों ने अपने-अपने हिस्से का टिकट आरक्षित करा लिया है। यही नहीं, मेलबर्न के दर्शक शायद अंतिम बार रिकी पोंटिंग और माइकल हसी को राष्ट्रीय टीम के साथ देखेंगे। इस स्टेडियम की क्षमता एक लाख की है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने इस मैच के लिए अब तक 75 हजार टिकट बेचे हैं। इसके अलावा मेलबर्न क्रिकेट क्लब के आगंतुक पास भी बेचे जा चुके हैं। इस मैच को लेकर मेलबर्न में जोरदार उत्साह है। सीए के प्रवक्ता पीटर यंग ने कहा है कि पहले दिन के अलावा मैच के बाकी दिनों में भी अच्छे-खासे दर्शक स्टेडियम का रुख करेंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं