खास बातें
- अमेरिकी श्रम विभाग ने कहा कि पिछले सप्ताह बेरोजगारी भत्तों के लिए दावा करने वालों की संख्या में पहली बार 5,000 की वृद्धि हुई है।
वाशिंगटन: अमेरिकी श्रम विभाग ने कहा कि पिछले सप्ताह बेरोजगारी भत्तों के लिए दावा करने वालों की संख्या में पहली बार 5,000 की वृद्धि हुई है और इसके साथ ही बेरोजगारों की संख्या 417,000 हो गई है। समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार, शुरुआती बेरोजगारी दावों की संख्या, एक महीने के दौरान औसतन 4,000 की वृद्धि के साथ बढ़कर 407,500 हो गई। बेरोजगारी दावों का 400,000 से नीचे का कोई भी आंकड़ा रोजगार बाजार में सुधार का संकेत समझा जाता है। छह अगस्त को समाप्त हुए सप्ताह में राज्य या संघीय बेरोजगारी भत्तों को प्राप्त करने वाले अमेरिकी नागरिकों की संख्या में लगभग 46,000 की कमी आई और इस तरह यह संख्या 72.9 लाख पर आ गई। राज्य स्तरीय भत्ते आमतौर पर 26 सप्ताहों बाद बंद हो जाते हैं, लेकिन संघीय आपात कार्यक्रम के तहत 99 सप्ताहों तक भत्ते प्रदान किए जाते हैं। इस कार्यक्रम को 1930 के दशक में भयानक आर्थिक संकट के मद्देनजर मंजूरी दी गई थी। अमेरिकी अर्थव्यवस्था ने जुलाई में कुल 117,000 नई नौकरियां सृजित की थी। इससे आधिकारिक बेरोजगारी दर 9.1 प्रतिशत पर आ गई थी। मंदी के बाद दो वर्षों से अधिक समय तक लगभग 1.40 करोड़ लोग बेरोजगार बने रहे। मंदी के कारण 84 लाख नौकरियां समाप्त हो गई थीं।