खास बातें
- इस वर्ष मई में अमेरिका का व्यापार घाटा 15.1 फीसदी बढ़कर 50.2 अरब डॉलर हो गया, जो अक्टूबर 2008 के बाद से सबसे ज्यादा है।
वाशिंगटन: इस वर्ष मई में अमेरिका का व्यापार घाटा 15.1 फीसदी बढ़कर 50.2 अरब डॉलर हो गया, जो अक्टूबर 2008 के बाद से सबसे ज्यादा है। अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने मंगलवार को बताया कि अप्रैल में व्यापार घाटा 43.6 अरब डॉलर था और अधिकत्तर विशेषज्ञों ने मई में इसके 44.5 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान लगाया था। मई में अमेरिकी आयात 2.6 फीसदी बढ़कर 225.1 अरब डॉलर हो गया जबकि निर्यात में 0.5 फीसदी की कमी आई यह 174.9 अरब डॉलर रहा। वर्ष 2011 के पहले पांच महीनों में कुल व्यापार घाटा 234.65 अरब डॉलर रहा जो वर्ष 2010 की समान अवधि में 203.28 अरब डॉलर था। वर्ष 2008 के मध्य के बाद से तेल कीमत अपने उच्च स्तर पर है जिस कारण अमेरिकी आयात पर इसका प्रतिकूल असर पड़ा है। मंगलवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि मई में आयातित कच्चे तेल की कीमत 5.52 डॉलर प्रति बैरल बढ़कर 108.70 डॉलर हो गई थी। अमेरिकी तेल आयात का बिल अप्रैल के 26.03 अरब डॉलर से बढ़कर मई में 29.92 अरब डॉलर तक पहुंच गया।