खास बातें
- यूको बैंक को जून में समाप्त तिमाही के दौरान 292 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है, जो पिछले साल की इसी तिमाही से 12.42 फीसदी अधिक है।
Kolkata: यूको बैंक को जून में समाप्त तिमाही के दौरान 292 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है, जो पिछले साल की इसी तिमाही से 12.42 फीसदी अधिक है। पिछले साल की इसी तिमाही में बैंक को 260 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। आलोच्य तिमाही में बैंक का कुल परिचालन लाभ 5.27 फीसदी घटकर 611 करोड़ रुपये रहा। जो पिछले साल की इसी तिमाही में 645 करोड़ रुपये था। बैंक के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अरुण कौल ने कहा कि ऊंची ब्याज देनदारी के करण परिचालन लाभ में गिरावट आई है। आलोच्य तिमाही में बैंक का ब्याज खर्च 49.5 फीसदी और ब्याज आय 27.28 फीसदी ज्यादा रही। समीक्षाधीन तिमाही में बैंक को जोखिम में पड़ी परिसम्पत्तियों आदि के लिए 319 करोड़ रुपये के प्रावधान करने पड़े, जबकि पिछले साल इसी दौरान प्रावधान 385 करोड़ रुपये तक था। आलोच्य तिमाही में बैंक का ब्याज मार्जिन घटकर 2.46 फीसदी रह गई, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 3.07 फीसदी थी। इसी तिमाही में बैंक की गैर-निष्पादित आस्तियां बढ़कर 2.15 फीसदी पर पहुंच गई, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 1.14 फीसदी थी। पहली तिमाही में बैंक का कुल कारोबार 2,23,626 करोड़ रुपये का था, जिसमें 1,27,534 करोड़ रुपये की जमा और 96,092 का ऋण कारोबार शामिल है।