खास बातें
- रेल यात्री किराये में बढ़ोतरी आधी रात से लागू हो गई। सरकार ने रेल बजट पेश होने से करीब एक महीने पहले ही रेल किराया बढ़ा दिया है।
नई दिल्ली: रेल यात्री किराये में बढ़ोतरी आधी रात से लागू हो गई। सरकार ने रेल बजट पेश होने से करीब एक महीने पहले ही रेल किराया बढ़ा दिया है।
रेल मंत्री पवन कुमार बंसल ने गत 9 जनवरी को द्वितीय श्रेणी से लेकर वातानुकूलित श्रेणी तक के सभी श्रेणी के रेल किराये में बढ़ोतरी की घोषणा की थी। रेल किराये में तकरीबन एक दशक बाद इस तरह की बढ़ोतरी की गई है।
जिन लोगों ने 22 जनवरी से शुरू होने वाली रेल यात्रा के लिए पहले से ही टिकट बुक करा रखे हैं, उनसे यात्रा के दौरान ट्रेन में ही बढ़ा हुआ किराया वसूल किया जाएगा। रेलवे ने साधारण द्वितीय श्रेणी (उपनगरीय) यात्री किराये में दो पैसा प्रति किलोमीटर और साधारण द्वितीय श्रेणी (गैर उपनगरीय) ट्रेनों में तीन पैसा प्रति किलोमीटर की वृद्धि करने की घोषणा की थी।
इसी तरह द्वितीय श्रेणी मेल एक्सप्रेस के किराए में चार पैसा प्रति किलोमीटर, शयनयान श्रेणी में छह पैसा प्रति किलोमीटर, वातानुकूलित कुर्सीयान में 10 पैसा प्रति किलोमीटर और वातानुकूलित थ्री टीयर में भी 10 पैसा प्रति किलोमीटर वृद्धि हुई।