खास बातें
- देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 23,027.56 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।
Mumbai: देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 23,027.56 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। सबसे ज्यादा लाभ में दूरसंचार क्षेत्र की भारती एयरटेल रही। सप्ताह के दौरान भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 6,968.44 करोड़ रुपये बढ़कर 1,56,059.08 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एयरटेल ने हाल ही में विभिन्न सर्किलों में अपने प्रीपेड ग्राहकों के लिए कुछ पैकेजों में शुल्क दरों में 20 प्रतिशत तक की वृद्धि की है। आईटी कंपनी इंफोसिस टेक्नोलॉजीज के बाजार पूंजीकरण में बीते सप्ताह 5,443.23 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 1,62,225.95 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एफएमसीजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी आईटीसी को 4,725.80 करोड़ रुपये का लाभ हुआ और उसका बाजार पूंजीकरण 1,60,634.70 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया का बाजार पूंजीकरण 2,084.4 करोड़ रुपये बढ़कर 2,33,010.52 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। देश के दो शीर्ष बैंकों भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के बाजार पूंजीकरण में कुल 2,417.34 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। एसबीआई का बाजार पूंजीकरण बढ़कर 1,58,369.68 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का 1,23,082.05 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।