खास बातें
- टाटा मोटर्स की बिक्री मई माह में 10 प्रतिशत बढ़कर 62,296 इकाई रही है। पिछले साल मई में कंपनी ने 56,775 वाहन बेचे थे।
नई दिल्ली: वाहन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी टाटा मोटर्स की बिक्री मई माह में 10 प्रतिशत बढ़कर 62,296 इकाई रही है। पिछले साल मई में कंपनी ने 56,775 वाहन बेचे थे। हालांकि, माह के दौरान घरेलू बाजार में कंपनी की यात्री वाहन बिक्री में कमी आई है। माह के दौरान यात्री वाहन खंड में कंपनी की बिक्री 9 प्रतिशत घटकर 19,401 इकाई रही, जो मई, 2010 में 21,324 इकाई रही थी। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि माह के दौरान उसकी छोटी कार नैनो की बिक्री 84 प्रतिशत के उछाल के साथ 6,515 इकाई पर पहुंच गई। वहीं दूसरी ओर इंडिका की बिक्री 35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,497 इकाई रह गई। इसी तरह इंडिगो की बिक्री भी 35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,268 इकाई पर आ गई। मई में कंपनी के सूमो, सफारी और आरिया माडलांे की बिक्री 15 प्रतिशत बढ़कर 3,121 इकाई रही। वाणिज्यिक वाहन वर्ग में टाटा मोटर्स की घरेलू बिक्री 19 प्रतिशत बढ़कर 37,361 इकाई रही। हल्के वाणिज्यिक वाहन वर्ग में मई में कंपनी की बिक्री 24 फीसद के इजाफे के साथ 21,829 इकाई रही, जबकि मध्यम एवं भारी वाणिज्यिक खंड में यह 12 प्रतिशत बढ़कर 15,532 इकाई पर पहुंच गई। मई में टाटा मोटर्स का कुल निर्यात 39 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 5,534 इकाई रहा। पिछले साल मई माह में यह आंकड़ा 3,976 इकाई रहा था।